
राष्ट्रपति के चॉपर की लैंडिंग के वक्त फंसा पहिया, मचा हड़कंप
केरल के प्रमादोम स्टेडियम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का हेलीकॉप्टर लैंडिंग के वक्त धंस गया। पायलट की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया, राष्ट्रपति सुरक्षित रहीं।
केरल के प्रमादोम स्टेडियम में बुधवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को लेकर आया हेलीकॉप्टर लैंडिंग के दौरान हादसे का शिकार हो गया। जानकारी के मुताबिक, हेलीपैड पर उतरते ही हेलीकॉप्टर का पहिया ज़मीन में धंस गया, लेकिन पायलट की सूझबूझ और सुरक्षा कर्मियों की तत्परता के चलते राष्ट्रपति सुरक्षित रहीं।
लैंडिंग के वक्त हेलीपैड में धंसा चॉपर
न्यूज़ एजेंसी एएनआई के अनुसार, जैसे ही राष्ट्रपति को लेकर हेलीकॉप्टर प्रमादोम स्टेडियम में उतरा, हेलीपैड का एक हिस्सा अचानक धंस गया। इस दौरान वहां मौजूद सुरक्षा अधिकारी और फायर विभाग के कर्मचारियों ने तुरंत मोर्चा संभाला और हेलीकॉप्टर को धक्के देकर सुरक्षित स्थान पर ले गए।राष्ट्रपति 21 से 24 अक्टूबर तक केरल के चार दिवसीय दौरे पर हैं। मंगलवार को वह तिरुवनंतपुरम एयरपोर्ट पहुंची थीं, जहां उनका स्वागत राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर, मुख्यमंत्री पिनराई विजयन और केंद्रीय मंत्री जॉर्ज कुरियन ने किया।
जल्दबाज़ी में बना हेलीपैड, रिपोर्ट में बड़ा खुलासा
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, प्रमादोम स्टेडियम में बनाया गया हेलीपैड जल्दबाज़ी में तैयार किया गया था। खराब मौसम के चलते लैंडिंग स्थल निलक्कल से बदलकर प्रमादोम कर दिया गया था। रिपोर्ट में एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि हेलीपैड मंगलवार रात को ही तैयार किया गया था, लेकिन कंक्रीट पूरी तरह सूख नहीं पाई थी। नतीजतन, जैसे ही हेलीकॉप्टर ने ज़मीन छुई, हेलीपैड धंस गया और गड्ढे बन गए।
घटना के बाद मची हलचल, सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
इस घटना के बाद राष्ट्रपति की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर स्थानीय प्रशासन में हड़कंप मच गया। पुलिस और प्रशासन ने तत्काल जांच शुरू की है कि निर्माण में लापरवाही किस स्तर पर हुई। हालांकि राहत की बात यह रही कि राष्ट्रपति मुर्मू पूरी तरह सुरक्षित हैं और उनका कार्यक्रम पूर्व निर्धारित रूप से जारी रहेगा।
चार दिन के केरल दौरे पर राष्ट्रपति मुर्मू
राष्ट्रपति का यह दौरा धार्मिक और आधिकारिक दोनों कार्यक्रमों से जुड़ा है। वह इस दौरान सबरीमाला मंदिर में दर्शन और आरती करने वाली हैं। राष्ट्रपति के आधिकारिक एक्स हैंडल पर लिखा गया, केरल के राज्यपाल, मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री ने तिरुवनंतपुरम पहुंचने पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का गर्मजोशी से स्वागत किया। वहीं मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने पोस्ट करते हुए लिखा, राष्ट्रपति की मौजूदगी हमारे राज्य और जनता के लिए सम्मान की बात है।”