
यूपी में बारातियों से विवाद के बाद एयर फोर्स अधिकारी पर बरसे घूंसे, कपड़े फटे
आरोपियों ने कथित तौर पर पिता-पुत्र पर लाठी और लोहे की रॉड से हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को पहले पास के अस्पताल ले जाया गया और बाद में जिला अस्पताल रेफर किया गया।
उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में सड़क पर शराब पीने और हंगामा करने का विरोध करने पर भारतीय वायुसेना के एक कर्मी और उनके पिता के साथ बारातियों द्वारा कथित रूप से मारपीट की गई। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है।
बताया जा रहा है कि यह घटना 19 फरवरी को जहांगीराबाद थाना क्षेत्र के अमरगढ़ गांव में हुई।
सोमवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया, जिसमें कई लोग आपस में हाथापाई करते दिख रहे हैं। वीडियो में एक व्यक्ति के कपड़े फटे नजर आ रहे हैं और भीड़ में मौजूद एक महिला, जो कथित तौर पर बारात का हिस्सा थी, बेहोश होती दिखाई देती है। हालांकि द फेडरल देश इस वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं कर सका है।
कैमरे में कैद हुई घटना
बुलंदशहर पुलिस के एक्स हैंडल पर साझा किए गए एक वीडियो बयान में नगर पुलिस उपाधीक्षक शंकर प्रसाद ने बताया कि जहांगीराबाद थाना क्षेत्र में ‘घुड़चढ़ी’ कार्यक्रम के दौरान कार से जा रहे पिता-पुत्र और बारात के बीच हुए विवाद को लेकर दोनों पक्षों से लिखित शिकायतें मिली हैं। इस आधार पर जहांगिराबाद थाने में मामला दर्ज कर गैर-संज्ञेय रिपोर्ट (NCR) भी दर्ज की गई है।
प्रथम सिंह, जो भारतीय वायुसेना में तैनात हैं, अपने पिता जितेंद्र सिंह (प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक) के साथ एक पारिवारिक कार्यक्रम से लौट रहे थे। शिकायत के अनुसार, जहांगिराबाद रोड पर एक बारात तेज संगीत के साथ निकल रही थी और पारंपरिक ‘घुड़चढ़ी’ समारोह चल रहा था।
शिकायत में कहा गया है कि बारात के कई सदस्य शराब की बोतलें हाथ में लेकर सड़क के बीचों-बीच नाच रहे थे, जिससे यातायात जाम हो गया। जब प्रथम सिंह के पिता ने रास्ता मांगने के लिए हॉर्न बजाया तो कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि अपशब्द कहे जाने का विरोध करने पर विवाद बढ़ गया।
आरोपियों ने कथित तौर पर पिता-पुत्र पर लाठी और लोहे की रॉड से हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को पहले पास के अस्पताल ले जाया गया और बाद में जिला अस्पताल रेफर किया गया।
हमले के दौरान पीड़ितों ने यह भी दावा किया कि उनकी कलाई घड़ी और सोने की चेन गायब हो गई। दूसरे पक्ष द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत का विवरण तत्काल उपलब्ध नहीं हो सका है।
पुलिस को सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची और सात नामजद आरोपियों समेत कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया। एक आरोपी को हिरासत में लेकर शांति भंग करने के आरोप में कार्रवाई की गई है।

