
राहुल गांधी ने रायबरेली में कोविड काल के दौरान बंद हुए ट्रेनों की बहाली और ठहराव की माँग की
राहुल गांधी ने अपने संसदीय क्षेत्र रायबरेली और आस-पास के रेल यात्रियों की सुविधा के लिए कई ट्रेनों को बहाल करने और ठहराव की माँग की है।कोविड काल के दौरान इन ट्रेनों का संचालन बंद किया गया था।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और रायबरेली सांसद राहुल गांधी ने रायबरेली के रेल यात्रियों को हो रही दिक्कतों को रेलवे विभाग के सामने रखा है।राहुल गांधी ने कोरोना काल में बंद हुई इस क्षेत्र की रेलगाड़ियों को दोबारा शुरू करने की माँग की है।रायबरेली सांसद ने उत्तर रेलवे के डिविजनल रेलवे मैनेजर (DRM) को एक पत्र लिखकर कहा है कि रायबरेली जंक्शन से संबंधित ट्रेनों की बहाली की जाए साथ ही क्षेत्र की रेल यात्रियों की सुविधा के लिए उन्होंने कई ट्रेनों के ठहराव की मांग भी की है।
रायबरेली से गुज़रने वाली ट्रेनों का संचालन पुनः शुरू करने की माँग-
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने अपने संसदीय क्षेत्र रायबरेली के लोगों और रेल यात्रियों की सुविधा के लिए उत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल के डिविजनल रेलवे मैनेजर को पत्र लिखा है।उन्होंने कोविड काल में रायबरेली जंक्शन से गुज़रने वाली कई ट्रेनों का संचालन पुनः शुरू करने की माँग की है।राहुल गांधी ने अपने पत्र में लिखा है कि कोविड-19 काल के दौरान कई ट्रेनों का संचालन बंद कर दिया गया था या उनकी फ्रीक्वेंसी घटा दी गई थी।अब सामान्य स्थिति में वापसी के बावजूद रायबरेली क्षेत्र की कई महत्वपूर्ण ट्रेनें अभी तक पूरी तरह बहाल नहीं हुई हैं। उन्होंने उन ट्रेनों का ब्योरा देकर कहा है कि उनका संचालन फिर से शुरू किया जाए जो रायबरेली से होकर गुजरती हैं या रायबरेली से शुरू होती हैं।दरअसल रायबरेली से गुज़रने वाली कई ट्रेनों का संचालन कोरोना काल में बंद किया गया था।इसमें रायबरेली कानपुर पैसेंजर, प्रयागराज संगम एक्सप्रेस, प्रयाग बरेली पैसेंजर, प्रतापगढ़ लखनऊ पैसेंजर, प्रयाग संगम लखनऊ पैसेंजर जैसी ट्रेन शामिल हैं।इसके अलावा बछरावां स्टेशन पर प्रतापगढ़ वाया भोपाल एक्सप्रेस और इंटरसिटी एक्सप्रेस के रुकने ( ठहराव) के लिए भी राहुल गांधी ने अपने पत्र में लिखा है।
रेल यात्रियों की सुविधा के लिए कनेक्टिविटी को लेकर कई सुझाव दिए-
राहुल गांधी ने कहा है कि रायबरेली के लोगों की यह लंबे समय से लंबित मांग है और उत्तर रेलवे को इसे प्राथमिकता से पूरा करना चाहिए।राहुल गांधी ने यात्रियों की सुविधा बढ़ाने और रायबरेली तथा आसपास के क्षेत्रों की रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए पत्र में कई माँग भी की है।इसमें बछरावां-फतेहपुर वाया लालगंज रेल लाइन का निर्माण करने और रायबरेली स्टेशन को सीधे फैज़ाबाद ( अयोध्या) रेल मार्ग से जोड़ने के लिए भी पत्र लिखा है।
राहुल गांधी पहले भी अपने क्षेत्र में रेलवे से जुड़ी मांगों को लेकर सक्रिय रहे हैं।सितंबर 2025 में उन्होंने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर डिब्रूगढ़-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस का रायबरेली जंक्शन पर ठहराव देने की अपील की थी।अब उन्होंने उत्तर रेलवे के DRM को पत्र देकर स्थानीय स्तर पर त्वरित कार्रवाई की मांग की है।हालाँकि रेलवे अधिकारियों की ओर से अभी तक इस पत्र पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।

