
राजस्थान में 10000 किलोग्राम विस्फोटक जब्त, एक व्यक्ति गिरफ्तार; केंद्रीय एजेंसियां कर सकती हैं जांच
पुलिस ने इस मामले में सुलेमान नाम के जिस व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, उसके खिलाफ तीन मामले पहले से दर्ज हैं। ये सभी मामले विस्फोटक अधिनियम के तहत हैंं।
राजस्थान के नागौर जिले में पुलिस के होशफाख्ता हो गए, जब उसने रविवार को 58 साल के एक व्यक्ति के घर से अमोनियम नाइट्रेट का जखीरा पकड़ा। पुलिस ने सुलेमान नाम के व्यक्ति के घर से 9,550 किलोग्राम अमोनियम नाइट्रेट बरामद करके उसे गिरफ्तार कर लिया।
मीडिया रिपोर्ट्स में नागौर एसपी मृदुल कछावा के हवाले से कहा गया है कि,“कुछ आंतरिक इनपुट के आधार पर नागौर पुलिस की एक विशेष टीम ने रविवार को नागौर के थांवला इलाके में आरोपी सुलैमान खान के घर पर छापा मारा, जहां भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद हुई।”
पुलिस के मुताबिक, सुलैमान ने अपने खेत में विस्फोटक छिपा रखे थे। इनमें 187 कार्टनों में रखा 9,550 किलोग्राम अमोनियम नाइट्रेट, नौ डेटोनेटर कार्टन, नीली विक वायर के 15 बंडल, लाल विक वायर के नौ बंडल और अन्य सामग्री शामिल है।
एसपी कछावा ने बताया,“आरोपी सुलैमान खान के खिलाफ नागौर के थांवला, पादुकलां और अलवर के चौपासनी थानों में तीन मामले पहले से दर्ज हैं। ये सभी मामले विस्फोटक अधिनियम के तहत हैं।”
इस कार्रवाई के बाद पुलिस ने सुलैमान को गिरफ्तार कर लिया और उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता तथा विस्फोटक अधिनियम, 1884 की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। एसपी ने बताया कि उसके खिलाफ पहले से तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं।
एक अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा,“प्रथम दृष्टया सुलैमान खदान मालिकों को विस्फोटक सप्लाई करता था। लेकिन इतनी बड़ी मात्रा में बरामदगी को देखते हुए हमें शक है कि वह किसी बड़े षड्यंत्र में भी शामिल हो सकता है। उससे पूछताछ के लिए हम केंद्रीय एजेंसियों से भी संपर्क कर सकते हैं।”
अधिकारियों ने बताया कि अमोनियम नाइट्रेट का इस्तेमाल पहले भी कई बड़े विस्फोट मामलों में हो चुका है, जिनमें नवंबर 2025 में दिल्ली के लाल किले के पास हुआ धमाका भी शामिल है।
2 दिसंबर को नाथद्वारा के श्रीनाथजी क्षेत्र में अवैध विस्फोटकों से लदा एक पिकअप ट्रक जब्त किया गया था, जो लगभग 10 किलोमीटर के दायरे में भारी तबाही मचाने में सक्षम था। वाहन की तलाशी के दौरान पुलिस ने विस्फोटक सामग्री की बड़ी खेप बरामद की थी, जिसमें ICL प्राइम एक्स विस्फोटक के 83 पैकेट (प्रत्येक का वजन 2.78 किलोग्राम) शामिल थे।
जब्त सामग्री में कुल 109 कार्टन थे, जिनमें 981 कार्ट्रिज रखे थे। इसके अलावा एक अलग कार्टन में 100 पीस TLHD (ट्रक लाइन डेटोनेटर) और एक अन्य कार्टन में DT फ्यूज से लगे 93 डेटोनेटर मिले थे। इसके साथ ही लगभग 30 फीट लंबी सेफ्टी फ्यूज भी बरामद की गई थी।
इसके एक दिन बाद पुलिस ने टोंक जिले में भी दो लोगों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से 150 किलोग्राम अमोनियम नाइट्रेट जब्त किया।

