सुनेत्रा की शपथ से पहले शरद पवार ने NCP के विलय की पैरवी की,अजित पवार की पहल की याद दिलाई
x
बारामती में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में शरद पवार ने कहा कि दोनों गुटों के विलय की तारीख 12 फरवरी तय हो गई थी। अजित पवार की वो इच्छा पूरी होनी चाहिए

सुनेत्रा की शपथ से पहले शरद पवार ने NCP के विलय की पैरवी की,अजित पवार की पहल की याद दिलाई

एनसीपी (एसपी) प्रमुख शरद पवार ने कहा कि उन्हें इस घटनाक्रम की जानकारी मीडिया रिपोर्ट्स से मिली। उन्होंने यह भी कहा कि उनके दिवंगत भतीजे अजित पवार की इच्छा थी कि पार्टी के दोनों गुट एकजुट हों।


चाहे वो सुनेत्रा पवार को विधायक दल का नेता बनाया जाना हो या उन्हें महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई जानी हो, इन दोनों ही अहम घटनाक्रम के बारे में एनसीपी (एसपी) प्रमुख शरद पवार को कोई औपचारिक जानकारी नहीं है। ऐसा खुद शरद पवार ने बारामती में शनिवार को सुबह हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में कही है। जैसा शरद पवार दावा कर रहे हैं, इसका मतलब यह है कि उन्हें इस बारे मे ंऔपचारिक रूप से किसी ने इत्तेला नहीं की है।

शरद पवार ने कहा कि उन्हें सुनेत्रा पवार के शपथ ग्रहण की जानकारी मीडिया रिपोर्ट्स के जरिए मिली। जब उनसे पूछा गया कि क्या पवार परिवार का कोई सदस्य शपथ समारोह में शामिल होगा, तो उन्होंने कहा,“हमें शपथ ग्रहण के बारे में कुछ पता नहीं है। हमें यह खबरों के जरिए पता चला। मुझे शपथ ग्रहण के बारे में कोई जानकारी नहीं है।”

उन्होंने कहा कि यह फैसला शायद एनसीपी ने लिया होगा। उन्होंने कहा, “प्रफुल्ल पटेल और सुनील तटकरे जैसे कुछ लोगों ने पहल की होगी। इन लोगों ने कुछ तय किया होगा।”

‘अजित पवार दोनों गुटों को जोड़ना चाहते थे’

वरिष्ठ नेता शरद पवार ने आगे दावा किया कि उनके दिवंगत भतीजे अजित पवार की इच्छा थी कि एनसीपी के दोनों गुट एकजुट हों, और वे इसको लेकर आशावादी थे।

उन्होंने कहा,“अब हमें लगता है कि उनकी इच्छा पूरी होनी चाहिए। अजित पवार, शशिकांत शिंदे और जयंत पाटिल ने दोनों गुटों के विलय को लेकर बातचीत शुरू की थी। विलय की तारीख भी तय हो गई थी। 12 फरवरी को यह होना था। दुर्भाग्यवश, उससे पहले ही अजित हमें छोड़कर चले गए।”

गौरतलब है कि एनसीपी सूत्रों ने शुक्रवार (30 जनवरी) को बताया था कि राज्यसभा सांसद सुनेत्रा पवार को शनिवार को महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई जा सकती है और वह मंत्रिमंडल में अपने दिवंगत पति अजित पवार की जगह लेंगी।

28 जनवरी को बारामती में हुए विमान हादसे में उपमुख्यमंत्री अजित पवार की मौत के बाद, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के एक वर्ग ने मांग की थी कि देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व वाली सरकार में सुनेत्रा पवार को वह पद दिया जाए, जो उनके पति के पास था।

Read More
Next Story