Maharashtra: पहली महिला डिप्टी CM बनीं सुनेत्रा पवार, नए अध्याय की शुरुआत
x
सुनेत्रा पवार ने उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली।

Maharashtra: पहली महिला डिप्टी CM बनीं सुनेत्रा पवार, नए अध्याय की शुरुआत

Maharashtra Politics: सुनेत्रा पवार आबकारी और खेल मंत्रालय का प्रभार भी संभालेंगी। माना जा रहा है कि उनके नेतृत्व में पार्टी को नई दिशा मिलेगी और महायुति सरकार को मजबूती मिलेगी।


Click the Play button to hear this message in audio format

Sunetra Pawar: महाराष्ट्र की राजनीति में शनिवार को एक ऐतिहासिक और भावनात्मक पल देखने को मिला। दिवंगत नेता अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार ने राज्य की पहली महिला उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। यह शपथ मुंबई के लोक भवन में आयोजित समारोह में राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने दिलाई। इस मौके पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे भी मौजूद रहे। सुनेत्रा पवार का यह कदम राजनीतिक और भावनात्मक दोनों रूपों में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। शपथ ग्रहण के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने 'अजित दादा अमर रहें' के नारे लगाए और दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि दी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सुनेत्रा पवार को बधाई दी। उन्होंने एक्स पर लिखा कि महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री बनने वाली सुनेत्रा पवार को हार्दिक शुभकामनाएं। वह इस पद को संभालने वाली पहली महिला हैं। मुझे पूरा विश्वास है कि वह राज्य की जनता के कल्याण के लिए अथक परिश्रम करेंगी और दिवंगत अजित दादा पवार के सपनों को साकार करेंगी।

राजनीतिक परिदृश्य

सुनेत्रा पवार को उपमुख्यमंत्री बनाने का निर्णय सिर्फ एक दिन पहले लिया गया। उन्होंने एनसीपी (अजित पवार गुट) के नेताओं द्वारा प्रस्तावित यह जिम्मेदारी स्वीकार कर ली। शनिवार सुबह हुई विधायक दल की बैठक में उन्हें सर्वसम्मति से नेता चुना गया। पार्टी का मानना है कि यह कदम संगठनात्मक स्थिरता और अजित पवार की राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाने के लिए अहम है।

उपमुख्यमंत्री बनने के साथ-साथ सुनेत्रा पवार आबकारी और खेल मंत्रालय का प्रभार भी संभालेंगी। माना जा रहा है कि उनके नेतृत्व में पार्टी को नई दिशा मिलेगी और महायुति सरकार को मजबूती मिलेगी। सुनेत्रा पवार पहले राज्यसभा सांसद थीं और शपथ ग्रहण से पहले उन्हें राज्यसभा से इस्तीफा देना पड़ा। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, एनसीपी अजित पवार के बड़े बेटे पार्थ पवार को उनकी जगह राज्यसभा भेजने की तैयारी में है।

शरद पवार ने क्या कहा

एनसीपी के गुटों के विलय पर वरिष्ठ नेता शरद पवार ने कहा कि यह अजित पवार की भी इच्छा थी। उन्होंने बताया कि अजित, शशिकांत शिंदे और जयंत पाटिल ने दोनों गुटों के विलय पर बातचीत शुरू की थी। हालांकि, 12 फरवरी को होने वाला विलय का ऐलान अजित पवार की अचानक मौत के कारण स्थगित हो गया। सुनेत्रा के उपमुख्यमंत्री बनने पर पूछे जाने पर शरद पवार ने कहा कि मुझे इस बारे में कोई जानकारी नहीं थी। परिवार से कोई चर्चा नहीं हुई। यह फैसला पार्टी ने लिया होगा। कुछ नाम जैसे प्रफुल पटेल और सुनील तटकरे सामने आ रहे हैं, संभव है इन्हीं लोगों ने यह तय किया हो।

Read More
Next Story