
सूरजकुंड हस्तशिल्प मेले में बड़ा हादसा, झूला गिरने से मेले के इंचार्ज इंस्पेक्टर की मौत, 13 लोग घायल
जिन इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद की इस हादसे में मौत हो गई है, वह पलवल में तैनात थे और उन्हें हस्तशिल्प मेले की ड्यूटी पर सूरजकुंड बुलाया गया था।
39वें सूरजकुंड क्राफ्ट मेले में शनिवार को एक बड़ा हादसा हो गया। मेले के मनोरंजन क्षेत्र में लगा एक झूला अचानक गिर गया, जिससे एक व्यक्ति की मौत हो गई और 13 लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मेले में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही जिला उपायुक्त (डीसी) मौके पर पहुंचे। प्रशासन ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू कराया और सभी घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। पुलिस ने बचाव कार्य में किसी तरह की बाधा न आए, इसके लिए मीडिया को घटनास्थल से दूर रखा गया।
इस हादसे में इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद की मौत हो गई। वे पलवल में तैनात थे और मेला ड्यूटी के लिए सूरजकुंड आए हुए थे। बताया जा रहा है कि वे झूला क्षेत्र के इंचार्ज थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बचाव कार्य के दौरान झूला दूसरी बार भी असंतुलित होकर गिरा, जिससे स्थिति और भयावह हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, हादसे के समय झूले में करीब 15 लोग सवार थे। झूला गिरते ही चीख-पुकार मच गई। इसी दौरान घायलों की मदद कर रहे एक स्टॉल संचालक राघव पर झूले की ग्रिल गिर गई, जिससे उनके कंधे में चोट आई। राघव ने बताया कि उन्होंने घायलों को बचाने की कोशिश की, तभी यह हादसा हुआ। इस घटना ने मेले की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सीएम सैनी ने जताया दुख
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर हादसे पर गहरा दुख जताया। उन्होंने मृतक के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के समुचित व तत्काल उपचार के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देने की बात कही। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ पीड़ितों और उनके परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान कर रही है।
पर्यटन मंत्री ने दिए जांच के आदेश
हरियाणा के पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि 39वें सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय आत्मनिर्भर शिल्प महोत्सव 2026 के दौरान झूला क्षेत्र में यह दुर्भाग्यपूर्ण हादसा हुआ है। उन्होंने पूरे मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं और कहा कि सभी घायलों को बेहतर इलाज मुहैया कराया जा रहा है। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की।

