
'बेबुनियाद बोलते हैं अमिताभ दास', तेज प्रताप ने एक्शन को सराहा
नीट छात्रा मौत मामले में अमिताभ दास के खिलाफ कार्रवाई को तेज प्रताप यादव ने कार्रवाई को सही बताया और निशांत कुमार पर लगाए आरोपों को बेबुनियाद कहा।
Ex IPS Amitabh Das News: बिहार के पूर्व आईपीएस अधिकारी अमिताभ दास विवादों में है। उनके खिलाफ पटना पुलिस ने छापेमारी की थी। अब इस विषय जन शक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव के पुत्र तेज प्रताप यादव ने पूर्व आईपीएस अमिताभ दास की गिरफ्तारी पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि किसी के बारे में बिना तथ्यों के बयानबाजी करना गलत है और ऐसी कार्रवाई पहले ही हो जानी चाहिए थी।
शुक्रवार शाम पटना पुलिस ने नीट छात्रा मौत मामले में भड़काऊ पोस्ट करने के आरोप में अमिताभ दास को उनके घर से गिरफ्तारी की जानकारी सामने आई। हालांकि पटना पुलिस ने गिरफ्तारी से इनकार किया है। दरअसल जहानाबाद नीट छात्रा के मामले में अमिताभ दास ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार का नाम लिया था और उसके बाद विवाद खड़ा हुआ।
एक चैनल से बातचीत में तेज प्रताप यादव ने कहा कि अमिताभ दास अक्सर गलत और बेबुनियाद बयान देते रहते हैं। कुछ दिन पहले वो उनके बारे में भी उल्टा-सीधा बोल रहे थे जिसका कोई आधार नहीं था। अब निशांत कुमार को लेकर भी जिस तरह के आरोप लगाए जा रहे हैं, वे पूरी तरह निराधार हैं। निशांत एक सुलझे हुए व्यक्ति हैं और एक प्रतिष्ठित परिवार से आते हैं। इस तरह की बयानबाजी गलत है।
तेज प्रताप ने सरकार की कार्रवाई का समर्थन करते हुए कहा कि यह कदम सही है, हालांकि इसमें देरी हुई। “उन्हें पहले ही गिरफ्तार कर लेना चाहिए था। देर से ही सही, लेकिन कार्रवाई हुई। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे लोगों को किसी के खिलाफ बिना प्रमाण आरोप लगाने का अधिकार नहीं है।
इससे पहले तेज प्रताप यादव ने अमिताभ दास के खिलाफ सचिवालय थाने में एफआईआर दर्ज कराई थी। एक यूट्यूब चैनल को दिए इंटरव्यू में अमिताभ दास ने तेज प्रताप के निजी जीवन को लेकर टिप्पणी की थी, जिसे उन्होंने अपमानजनक बताते हुए कानूनी कार्रवाई की थी। अमिताभ दास 1994 बैच के आईपीएस अधिकारी रहे हैं। वर्ष 2018 में सरकार ने उन्हें अनफिट घोषित करते हुए जबरन सेवानिवृत्त कर दिया था। इसके बाद से वे विभिन्न संगठनों और मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से सार्वजनिक मुद्दों पर सक्रिय रहे हैं। फिलहाल नीट छात्रा मौत मामले में की गई टिप्पणी के कारण वे कानूनी कार्रवाई का सामना कर रहे हैं।

