मेरा बच्चा नहीं है, तेज प्रताप यादव बोले- यह सब जयचंदों की साजिश
x

'मेरा बच्चा नहीं है', तेज प्रताप यादव बोले- यह सब 'जयचंदों' की साजिश

तेज प्रताप यादव ने अनुष्का विवाद पर साजिश का आरोप लगाते हुए कुछ लोगों को ‘जयचंद’ बताया। उन्होंने कहा कि छवि खराब करने की कोशिश हो रही है, अब अदालत जाएंगे।


Tej Pratap Yadav News: बिहार की सियासत में तेज प्रताप यादव एक ऐसे चेहरे हैं जो बोलें या ना बोंले चर्चा में रहते हैं। ताजा मामला उनके पिता होने से संबंधित है। इस समय चर्चा जोरों पर है कि अनुष्का के साथ उनका बेटा है, हालांकि तेज प्रताप यादव ने कहा कि कुछ जयचंद उनकी प्रतिष्ठा को धुमिल कर रहे हैं। तेज प्रताप ने न सिर्फ कुछ लोगों के नाम सार्वजनिक किए, बल्कि यह भी चेतावनी दी कि अब वह कानूनी लड़ाई लड़ेंगे और इसके लिए अदालत का दरवाजा खटखटाएंगे।

तेज प्रताप यादव ने कहा कि हाल के दिनों में उनके साथ जिस तरह का व्यवहार किया गया है, वह किसी से छिपा नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके परिवार के आसपास मौजूद पांच लोग जिन्हें उन्होंने ‘जयचंद’ कहा लगातार उनके खिलाफ गलत प्रचार कर रहे हैं। तेज प्रताप के अनुसार, इन लोगों ने साजिश के तहत उन्हें पार्टी और परिवार दोनों से अलग करवाया।



उन्होंने इन पांच लोगों के नाम भी गिनाए—मुकेश रोशन, संजय यादव, रमीज, शक्ति सिंह और सुनील सिंह। तेज प्रताप ने कहा कि इनके इर्द-गिर्द कुछ और लोग भी हैं, जो सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ गालियां और आपत्तिजनक बातें फैला रहे हैं। उनका आरोप है कि ये लोग जानबूझकर उनकी छवि खराब करने की कोशिश कर रहे हैं और उन्हें बदनाम किया जा रहा है।

तेज प्रताप यादव ने मांझी जी द्वारा दिए गए बयान को पूरी तरह खारिज करते हुए कहा कि उनके बारे में जो भी कहा जा रहा है, वह गलत है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका किसी के साथ कोई संबंध नहीं है, जिसे जानबूझकर जोड़ा जा रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कुछ समय पहले उनका सोशल मीडिया अकाउंट हैक कर फोटो वायरल किए गए, जिसके चलते उन्हें पार्टी और परिवार से बाहर कर दिया गया।

तेज प्रताप ने सवाल उठाया कि आखिर उन्हें ही बार-बार निशाना क्यों बनाया जाता है। उन्होंने कहा कि वो जनता के बीच रहते हैं। जनता उनसे प्यार करती है, इसलिए मुझ पर हमला किया जाता है। अपने पिता लालू प्रसाद यादव का जिक्र करते हुए तेज प्रताप ने कहा कि जिस तरह उनके पिता को झूठे मामलों में फंसाया गया, उसी तरह अब उन्हें भी फंसाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने उनका नाम अनुष्का के साथ जोड़ दिया है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

तेज प्रताप ने सवाल उठाते हुए कहा कि अगर उनके संबंधों की बात की जा रही है, तो यह भी बताया जाए कि अनुष्का का आकाश भाटी और आकाश गुर्जर से क्या संबंध है। उन्होंने दावा किया कि आकाश भाटी और आकाश गुर्जर अनुष्का के घर आते-जाते थे और इस पूरे मामले की जांच होनी चाहिए। उन्होंने मांग की कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जाए।

तेज प्रताप यादव ने यह भी कहा कि मकर संक्रांति के दिन आयोजित चूड़ा-दही कार्यक्रम में उनके पिता उन्हें आशीर्वाद देने आए थे, जो कुछ लोगों को रास नहीं आया। उनके मुताबिक, इसके बाद ही उनके खिलाफ अफवाहें फैलानी शुरू कर दी गईं। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी, नेताओं और कार्यकर्ताओं को बदनाम करने की साजिश की जा रही है।

तेज प्रताप यादव ने चेतावनी देते हुए कहा कि जो लोग उन्हें बदनाम कर रहे हैं, उनके खिलाफ वह दिल्ली की अदालत में मुकदमा करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि दिल्ली जाने पर वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे। इसके अलावा, उन्होंने खगड़िया निवासी प्रदीप नाम के व्यक्ति पर भी आरोप लगाया कि वह सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ झूठी अफवाहें फैला रहा है। तेज प्रताप ने बताया कि इस मामले में उन्होंने पहले भी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन अब तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।तेज प्रताप यादव ने दोहराया कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और यह पता लगाया जाना चाहिए कि आखिर उन्हें लगातार क्यों परेशान किया जा रहा है।

Read More
Next Story