
पश्चिमी विक्षोभ की एंट्री से बदलेगा मौसम, दिल्ली में शीतलहर का ऑरेंज अलर्ट
Delhi NCR cold: मौसम विभाग ने बुधवार के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। सुबह के समय हल्का से मध्यम कोहरा छाने की आशंका है और कुछ इलाकों में शीतलहर जैसे हालात बने रह सकते हैं।
Delhi weather: जैकेट की जेबों हाथ में और सांस से निकलती भाप… दिल्ली-एनसीआर में सर्दी ने मानो लोगों को घरों में कैद कर दिया है। कड़ाके की शीतलहर के बीच सूरज की हल्की झलक जरूर राहत देती है, लेकिन बर्फीली हवाएं बता रही हैं कि ठंड अभी अपना पूरा जोर दिखाने वाली है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 24 घंटे तक दिल्ली और आसपास के इलाकों में भीषण ठंड बनी रहेगी। इसके बाद पहाड़ी इलाकों में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे मौसम में कुछ बदलाव देखने को मिल सकता है।
इन इलाकों में सबसे ज्यादा ठंड
मंगलवार को दिल्ली के कई इलाकों में तापमान काफी नीचे चला गया। लोधी रोड और सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लोधी रोड में तापमान सामान्य से 3 डिग्री कम रहा। सफदरजंग में तापमान सामान्य से करीब 4.4 डिग्री कम रिकॉर्ड किया गया। आयानगर में न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री रहा, जो सामान्य से 3.9 डिग्री कम है। पालम इलाके में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.3 डिग्री कम है।
बुधवार के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने बुधवार के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। सुबह के समय हल्का से मध्यम कोहरा छाने की आशंका है और कुछ इलाकों में शीतलहर जैसे हालात बने रह सकते हैं। बुधवार को दिल्ली में न्यूनतम तापमान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। दोपहर के समय 5 से 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ठंडी हवाएं चल सकती हैं।
पश्चिमी विक्षोभ से बदलेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, 15 जनवरी से एक नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों को प्रभावित करेगा। इसका असर उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में भी देखने को मिलेगा। दिल्ली और एनसीआर में इसके चलते आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। 19 जनवरी तक बादलों की आवाजाही बनी रहने की संभावना है।
16 जनवरी से मिल सकती है राहत
मौसम विभाग ने बताया है कि 15 से 19 जनवरी के बीच सुबह के समय हल्का से मध्यम कोहरा छाया रह सकता है। 15 और 16 जनवरी को दोपहर के वक्त 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ठंडी हवाएं चलने की संभावना है। हालांकि पश्चिमी विक्षोभ के असर से 16 जनवरी के बाद न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने के आसार हैं, जिससे लोगों को कड़ाके की ठंड से कुछ राहत मिल सकती है।

