
केदारनाथ जाने के लिए अब सारा अली खान को देना होगा शपथ पत्र,मंदिर समिति के अध्यक्ष का बयान
बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति ने अपने अधीन आने वाले 47 मंदिरों में गैर-सनातनियों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया है।
अभिनेत्री सारा अली खान की केदारनाथ वाली आस्था में अब मुस्लिम पिता की बेटी होने की वजह से अड़चन आ गई है। वो इसलिए क्योंकि बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति ने आने वाली चार धाम यात्रा के दौरान यहां गैर-हिंदुओं की एंट्री पर पाबंदी लगा दी है। गैर सनातनों के प्रवेश पर यह प्रतिबंध मंदिर समिति के अधीन आने वाले सभी 47 मंदिरों में रहेगा। इस फैसले के घेरे में अभिनेत्री सारा अली खान भी आ सकती हैं जिनका यात्रा सीजन में प्राय: केदारनाथ आना-जाना लगा रहता है।
बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने समिति द्वारा लिए गए फैसलों के बारे में देहरादून में प्रेस कॉन्फ्रेंस करके जानकारी दी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इस प्रेस वार्ता में उनसे अभिनेत्री सारा अली खान के केदारनाथ धाम में दर्शन करने के बारे सवाल पूछा गया, तो मंदिर समिति के अध्यक्ष द्विवेदी ने कहा, "जो भी सनातन धर्म में विश्वास व आस्था रखता है, वह सनातनी है। यदि सारा अली खान भी केदारनाथ धाम में दर्शन करने के लिए आती हैं, तो उन्हें शपथ पत्र देना होगा।"
मोबाइल पर भी प्रतिबंध
मंदिर परिसर और गर्भ गृह में मोबाइल फोन पर प्रतिबंध रहेगा। इसके लिए एसओपी तैयार की जा रही है। कुछ दिन पूर्व मंदिर समिति की बैठक में बदरीनाथ और केदारनाथ में गैर-सनातनियों के प्रवेश पर रोक लगाने सहित कई अहम प्रस्तावों को सर्वसम्मति से पारित किया गया था। इसे लेकर अब सीएम धामी का बयान भी सामने आया था।
सीएम धामी का कहना था कि देखते हैं बोर्ड क्या फैसला लेता है। हम कानून, एक्ट और पौराणिक परंपराओं की स्टडी करेंगे, उसके बाद फैसला लेंगे।

