सनातनी पार्टी 2027 में UP में सभी सीटों पर लड़ेगी चुनाव, अलंकार अग्निहोत्री ने किया बड़ा ऐलान
x

सनातनी पार्टी 2027 में UP में सभी सीटों पर लड़ेगी चुनाव, अलंकार अग्निहोत्री ने किया बड़ा ऐलान

निलंबित सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री बरेली पहुंचे और नई 'सनातनी पार्टी' बनाने का ऐलान दोहराया। उन्होंने मौजूदा केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला और 2027 में यूपी में चुनाव लड़ने की भी घोषणा की।


Alankar Agnihotri Sanatani Party: निलंबित सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री रविवार को बरेली पहुंचे। यहां पहुंचते ही वे सीधे परशुराम धाम गए और दर्शन-पूजन किया। उनके स्वागत के लिए बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे। हाल ही में उन्होंने एक नई राजनीतिक पार्टी बनाने का ऐलान किया है, जिसे वे 'सनातनी पार्टी' के नाम से शुरू करने की तैयारी कर रहे हैं। मीडिया से बातचीत में अलंकार अग्निहोत्री ने देश की मौजूदा राजनीति पर खुलकर अपनी राय रखी। उन्होंने बिना नाम लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि 'दो गुजरातियों ने देश को नुकसान पहुंचाया है' और उन पर जातिवादी राजनीति फैलाने का आरोप लगाया।

क्यों किया नई पार्टी बनाने का फैसला?

अलंकार ने कहा कि देश में जनरल और ओबीसी वर्ग का जो पारंपरिक वोटर मौजूदा व्यवस्था के साथ था, वह अब अलग हो चुका है। इसी कारण उन्होंने एक नई राजनीतिक पार्टी बनाने का फैसला किया है। उनका कहना है कि यह पार्टी भगवान राम और कृष्ण को मानने वाले तथा सनातन परंपरा का सम्मान करने वाले लोगों को एक मंच देगी। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ दल हिंदू-मुस्लिम के नाम पर समाज को बांट रहे हैं और हिंदुओं के बीच भी जातिवाद फैला रहे हैं। उन्होंने कहा कि आजकल बड़े हिंदू सम्मेलन तो होते हैं, लेकिन उनमें शिक्षा से जुड़े मुद्दों या एससी-एसटी एक्ट जैसे कानूनों पर चर्चा नहीं होती। उनकी पार्टी इन विषयों पर खुलकर बात करेगी।

अलंकार अग्निहोत्री ने बताया कि उनकी पार्टी को देश के कई राज्यों से समर्थन मिल रहा है। उन्होंने दावा किया कि उनका नेटवर्क 9 राज्यों तक फैल चुका है। किसान यूनियन, व्यापार मंडल और विभिन्न सामाजिक संगठनों के लोग उनसे जुड़ रहे हैं। पार्टी ज्वाइन करने के लिए जारी की गई ईमेल आईडी पर अब तक 400 से 500 लोगों के मेल आ चुके हैं। उन्होंने कहा कि वे डिवाइड एंड रूल की राजनीति को खत्म करना चाहते हैं। उनका उद्देश्य है कि सामान्य और ओबीसी वर्ग दोनों को सम्मान मिले और समाज में एकता कायम हो। उन्होंने दावा किया कि कई बीजेपी पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी उनसे संपर्क कर रहे हैं।

'मेरा निलंबन अवैध है'

26 जनवरी को दिए गए अपने इस्तीफे पर उन्होंने कहा कि नौकरी करना या छोड़ना उनका अधिकार है। उन्होंने अपने निलंबन को अवैध और असंवैधानिक बताया और कहा कि वे इस मामले में हाईकोर्ट जाएंगे। उनका कहना है कि उन्होंने इसलिए इस्तीफा दिया ताकि वे खुलकर अपनी बात रख सकें। अब तक वे 15 से 16 जिलों का दौरा कर चुके हैं। पार्टी के नाम, संविधान और संगठनात्मक ढांचे पर काम चल रहा है। सुप्रीम कोर्ट के वकीलों से सलाह ली गई है और कानूनी दस्तावेज तैयार किए जा रहे हैं। उनका दावा है कि अगले 20 से 30 दिनों में वे चुनाव आयोग में पार्टी के रजिस्ट्रेशन के लिए आवेदन करेंगे।

2027 में होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी प्रदेश की सभी सीटों पर चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी में एससी, ओबीसी और जनरल वर्ग के लोगों को समान स्थान दिया जाएगा। गठबंधन के सवाल पर उन्होंने कहा कि परिस्थितियों के अनुसार निर्णय लिया जाएगा।

एससी-एसटी एक्ट को लेकर उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी इस कानून के खिलाफ देशव्यापी आंदोलन चला रही है। उन्होंने कहा कि यदि उनकी पार्टी सत्ता में आती है, तो इस कानून को खत्म करने के लिए कदम उठाए जाएंगे। योगी आदित्यनाथ के शंकराचार्य संबंधी बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि जो भी सनातन संस्कृति का अपमान करेगा, प्रकृति उसे जवाब देगी। उन्होंने कहा कि यह वर्ष 'सूर्य भगवान' का है और प्रकृति सबके साथ न्याय करेगी।

Read More
Next Story