
उड़ान के बाद हेलीकॉप्टर में धुआं, यूपी के डिप्टी सीएम केशव मौर्य बाल-बाल बचे
यूपी डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के हेलीकॉप्टर में उड़ान के तुरंत बाद तकनीकी खराबी से धुआं भर गया। पायलट ने अमौसी एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कर सुरक्षित बचाया।
उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य शनिवार को एक बड़े हादसे से बाल-बाल बच गए। उनके हेलीकॉप्टर में उड़ान भरने के कुछ ही सेकंड बाद तकनीकी खराबी आ गई, जिससे उसमें धुआं भरने लगा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पायलट ने तुरंत अमौसी एयरपोर्ट पर आपातकालीन लैंडिंग कराई।
डिप्टी सीएम को सुबह करीब 11:30 बजे कौशाम्बी पहुंचना था, जहां पार्टी पदाधिकारियों और विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक निर्धारित थी। इसके अलावा उन्हें कई विकास परियोजनाओं का निरीक्षण भी करना था।
बताया जा रहा है कि वह ला-मार्टिनियर ग्राउंड से हेलीकॉप्टर के जरिए रवाना हुए थे। उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद तकनीकी खराबी के कारण हेलीकॉप्टर में धुआं फैलने लगा। पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत अमौसी एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग कराई। समय रहते हेलीकॉप्टर उतार लिए जाने से बड़ा हादसा टल गया और डिप्टी सीएम पूरी तरह सुरक्षित हैं।

