
यूपी अब उपद्रव नहीं 'उत्सव’ प्रदेश, अपराध के लिए ज़ीरो टॉलरेंस : योगी
योगी ने सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि गुंडे माफियाओं के लिए अब ज़ीरो टॉलरेंस है।शंकराचार्य स्नान विवाद पर कहा कि कोई भी क़ानून से ऊपर नहीं।वंदे मातरम् का विरोध करने वालों को भी योगी ने आड़े हाथों लिया।
''उत्तर प्रदेश अब उपद्रव प्रदेश नहीं उत्सव प्रदेश है।अब यह बीमारू राज्य नहीं है।यूपी के बारे में परसेप्शन अचानक ख़राब नहीं हुआ था बल्कि इसके पीछे आचरण जिम्मेदार था।” यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ में यूपी विधानसभा में बोलते हुए यूपी में अपने नौ साल की उपलब्धियों का खांका खींचा तो वहीं समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा।योगी ने राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान बोलते हुए सपा सरकार पर तंज करते हुए कहा कि इसी आचरण की वजह से बेटियां घबराती थीं और व्यापारी अपना कारोबार समेटने पर मजबूर होते थे।उन्होंने शंकराचार्य स्नान विवाद पर सीधे शब्दों में कहा कि कोई भी व्यक्ति क़ानून से ऊपर नहीं है।शुक्रवार को सदन में बोलते हुए योगी कहा कि सपा काल में बेरोजगारी दर 19 प्रतिशत थी जो आज 2.7 फीसदी रह गई है।
यूपी अब उपद्रव प्रदेश नहीं उत्सव प्रदेश-
यूपी विधानसभा के बजट सत्र में शुक्रवार को यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ जमकर गरजे।उन्होंने राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान संबोधन में यूपी के विकास का ब्लूप्रिंट बताया।साथ ही पूर्व की सपा सरकार पर जमकर निशाना साधा।योगी ने शंकराचार्य स्नान विवाद से लेकर मणिकर्णिका घाट में निर्माण तक पर चर्चा की।यूपी सीएम ने क़ानून व्यवस्था के लेकर यूपी के आर्थिक विकास तक के बारे में बताते हुए अपने सरकार की उपलब्धियां साझा कीं।उन्होंने कहा कि यूपी अब बीमारू राज्य नहीं है बल्कि तेज़ी से विकास करने वाला राज्य है।महाकुंभ का जिक्र करते हुए होगी ने कहा कि अयोध्या, वाराणसी और प्रयागराज में करोड़ों लोग आ रहे हैं।अब यह उपद्रव प्रदेश नहीं उत्सव प्रदेश है।
योगी का सपा पर निशाना, कहा समाजवाद जातीय वैमनस्य फैलाने का माध्यम बना-
बजट सत्र में लगातार हंगामा कर रहे समाजवादी पार्टी के विधायकों पर तंज़ करते हुए योगी ने कहा कि यह आचरण यहाँ भी देखने को मिला है।राज्यपाल आनंदी बेन पटेल के अभिभाषण के दौरान हंगामा करने वाले विपक्षी विधायकों और नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडे को यूपी सीएम ने कहा '' पांडे जी आप श्रेष्ठ कुल में पैदा हुए वरिष्ठ हैं… लेकिन राज्यपाल के अभिभाषण में अच्छा आचरण नहीं हुआ।’’ यही नहीं उन्होंने यूपी के बारे में बात करते हुए कहा कि ‘’प्रदेश के बारे में परसेप्शन अचानक नहीं खराब हुआ बल्कि इसके पीछे यही आचरण जिम्मेदार था।यही आचरण था जिसकी वजह से बेटियां घबराती थीं और व्यापारी अपना कारोबार समेटने पर मजबूर होते थे।’’
योगी ने चेतावनी देते हुए कहा कि सत्ता के संरक्षण में पल रहे गुंडे माफिया के खिलाफ अब ज़ीरो टॉलरेंस है।शोषण की जिस व्यवस्था को शुरू किया ग़या था उसको अब ख़त्म कर दिया गया है।योगी ने सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि तुष्टीकरण के नाम पर आक्रान्ताओं का महिमामंडन करना सपा की नीति है।सपा का मॉडल लूट और भ्रष्टाचार का मॉडल है।यही नहीं समाजवाद जातीय वैमनस्य फैलाने का माध्यम बन गया।
नौ वर्ष की यात्रा समस्या से समाधान की यात्रा-
यूपी सीएम योगी ने उत्तर प्रदेश में अपने नौ साल के कार्यकाल की हर क्षेत्र की उपलब्धि का जिक्र करते हुए कहा कि नौ साल की यात्रा ‘समस्या से समाधान’ की यात्रा है।छह करोड़ प्रदेश वासियों को बड़ी मेहनत से गरीबी से बाहर लाया गया है।उत्तर प्रदेश वासियों की तमन्ना थी कि सबसे बड़ी आबादी का प्रदेश आगे आए।उत्तर प्रदेश ने विकास करते हुए ‘ टॉप थ्री इकॉनमी’ में जगह बनायी है।विकास की नई परिभाषा गढ़ी है।उन्होंने प्रदेश में विकास परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए सरकार की उपलब्धियों का जिक्र किया।
यूपी अब TTT का रोल मॉडल, यूपी में SSS की गारंटी-
मुख्यमंत्री ने कहा कि ''यूपी अब TTT का नया रोल मॉडल बनकर उभरा है।ट्रस्ट, ट्रांसफॉर्मेशन और टाइमली( TTT) डिलीवरी के एक रोल मॉडल के रूप में अपनी एक नई पहचान बनायी है।यही यूपी का नया मॉडल है।जिस तरह से त्रिवेणी का संगम प्रयागराज में होता है उस तरह अब उत्तर प्रदेश अब नई त्रिवेणी का संगम बन चुका है।’’ यही नहीं मुख्यमंत्री ने यूपी में SSS यानी सेफ़्टी, स्टेबिलिटी और स्पीड की गारंटी दी जा रही है यानी उत्तर प्रदेश में सुरक्षा, स्थिरता और गति तीनों है।
यूपी सिर्फ़ योगी आदित्यनाथ ने महिला वर्क फोर्स की भागीदारी बढ़ने से लेकर युवाओं को नौकरी देने के तक बारे में सरकार की उपलब्धियों को साझा किया और कहा कि यूपी देश के विकास का इंजन बना है।उन्होंने वाराणसी के मणिकर्णिका घाट पर निर्माण को लेकर सपा के विरोध का जवाब देते हुए कहा की लोक माता अहिल्याबाई होल्कर की 300 वीं जयंती पर मणिकर्णिका घाट का पुनर्निर्माण हो रहा है पर सपा इस पर भी उंगली उठा रही है।
शंकराचार्य विवाद पर बोले योगी-
विधानसभा सत्र के दौरान विपक्षी शंकराचार्य स्नान विवाद के मुद्दे पर भी सरकार कर विरोध कर रहे थे।यूपी सीएम योगी ने इसका भी जवाब देते हुए कहा कि कोई भी कानून से ऊपर नहीं है।उन्होंने कहा '' हर व्यक्ति शंकराचार्य नहीं हो सकता।कोई भी कानून से ऊपर नहीं हो सकता।एक जिम्मेदार व्यक्ति श्रद्धालुओं की जान से खिलवाड़ नहीं कर सकता।’’ योगी ने वंदे मातरम् को लेकर बड़ा बयान देते हुए कहा कि सपा और कांग्रेस में सांसदों ने वंदे मातरम् का विरोध किया है।ऐसा करने वालों के लिए कड़े शब्दों में योगी ने कहा कि ‘’वंदे मातरम का अपमान कोई नहीं कर सकता है और जो विरोध करता है उसका कान पकड़ कर धक्के मारकर बाहर कर देना चाहिए।’’

