चीनी मांझे से मौत के बाद योगी सरकार सख्त, पूरे उत्तर प्रदेश में बैन
x

चीनी मांझे से मौत के बाद 'योगी' सरकार सख्त, पूरे उत्तर प्रदेश में बैन

लखनऊ में चीनी मांझे से युवक की मौत के बाद योगी सरकार ने पूरे यूपी में इस पर प्रतिबंध लगा दिया है। चीनी मांझे से मौत को अब हत्या माना जाएगा।


Chinese Manja Ban: लखनऊ के बाजारखाला इलाके में चीनी मांझे की चपेट में आकर एक युवक की मौत के बाद योगी सरकार सख्त हो गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशभर में चीनी मांझे के इस्तेमाल पर तत्काल प्रभाव से पूर्ण प्रतिबंध लगाने के निर्देश दिए हैं।मुख्यमंत्री ने पुलिस अधिकारियों को पूरे राज्य में छापेमारी अभियान तेज करने का आदेश दिया है। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया है कि चीनी मांझे से किसी की मौत होने पर उसे हत्या की श्रेणी में माना जाएगा। इस संबंध में राज्यभर में की जा रही कार्रवाई की उच्च स्तर पर समीक्षा भी की जाएगी।

बाजारखाला हादसे से हिला प्रशासन

बुधवार को लखनऊ के बाजारखाला थाना क्षेत्र स्थित हैदरगंज ओवरब्रिज पर पतंग की डोर अचानक एक युवक की गर्दन में फंस गई। धारदार चीनी मांझे से युवक की गर्दन की नस कट गई, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया।

पहले भी सामने आ चुकी हैं खतरनाक घटनाएं

हाल के दिनों में चीनी मांझे से जुड़ी घटनाएं लगातार सामने आई हैं। कुछ दिन पहले हवा में उड़ती पतंग का तार हाईटेंशन लाइन पर गिर गया था, जिससे मेट्रो सेवाएं प्रभावित हुईं और कई ट्रेनें बीच रास्ते में रुक गई थीं। इन घटनाओं ने चीनी मांझे के खतरे को और गंभीर बना दिया है।

मुख्यमंत्री का सख्त संदेश

गुरुवार को अधिकारियों के साथ बैठक के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि खतरनाक चीनी मांझे के इस्तेमाल से किसी की जान जाने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने साफ किया कि ऐसे मामलों को साधारण दुर्घटना नहीं, बल्कि हत्या माना जाएगा।

पूरा मामला: गर्दन की नस कटने से गई जान

बुधवार दोपहर दुबग्गा निवासी सैयद शोएब (34) चीनी मांझे की चपेट में आ गए। शोएब पेशे से मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव थे और काम के सिलसिले में मिल एरिया से हैदरगंज की ओर बाइक से जा रहे थे।

इंस्पेक्टर बाजारखाला बृजेश सिंह के अनुसार, ओवरब्रिज पर हवा में लटका मांझा अचानक शोएब की गर्दन में फंस गया। मांझा इतना तेज और मजबूत था कि उनकी गर्दन की नस कट गई। दर्द से तड़पते हुए उन्होंने मांझा हटाने की कोशिश की, लेकिन इसी दौरान बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई और वह सड़क पर गिर पड़े।

Read More
Next Story