
उत्तर भारत में मौसम में बदलाव की चेतावनी, फिर से बढ़ सकती है सर्दी
मौसम विभाग ने सम्भावना जताई है कि दो पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव होंगे, जिसकी वजह से एक बार फिर ठण्ड लौटेगी। साथ ही पहाड़ी और मैदानी इलाकों में बर्फ़बारी और भारी बारिश की भी आशंका जताई है।
Weather Forecast : जनवरी के शुरुआती दिनों को छोड़कर उत्तर भारत में मौसम सामान्य बना हुआ है, जिसमें दिल्ली-एनसीआर सहित अधिकांश राज्यों में खिली धूप के कारण ठंड में राहत मिली हुई है। हालांकि, यह राहत ज्यादा दिन तक नहीं रहेगी। मौसम विभाग ने ताजा अलर्ट जारी करते हुए जानकारी दी है कि उत्तर भारत में एक बार फिर सर्दी बढ़ने की संभावना है।
मौसम विभाग का अलर्ट
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 29 जनवरी के बाद पहाड़ी और मैदानी इलाकों में भारी बारिश और घने कोहरे का अनुमान जताया है। इन बदलावों का कारण पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस) बताया जा रहा है। विभाग के अनुसार 29 जनवरी से 1 फरवरी तक उत्तर-पश्चिम भारत में बारिश हो सकती है, जबकि कुछ इलाकों में घना कोहरा भी छा सकता है।
दो वेस्टर्न डिस्टर्बेन्स आने के आसार
मौसम विभाग के अनुसार, 29 जनवरी से दो पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव होंगे। पहला विक्षोभ 29 जनवरी से प्रभावी होगा और दूसरा एक फरवरी तक आ सकता है। इन विक्षोभों के कारण उत्तर-पश्चिम भारत, बिहार, उत्तर प्रदेश, नागालैंड और पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश और घना कोहरा देखा जा सकता है। वहीं, तमिलनाडु, पुड्डुचेरी, केरल, और आंध्र प्रदेश में भी बारिश की संभावना है।
मौसम का तापमान और बदलाव
29 जनवरी से 1 फरवरी के बीच पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश की संभावना जताई गई है। आईएमडी के अनुसार, 30 जनवरी से 1 फरवरी तक उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में बारिश हो सकती है। वहीं, उत्तर-पश्चिम, मध्य भारत और महाराष्ट्र में अगले दो दिनों में तापमान में कोई विशेष बदलाव नहीं होगा, लेकिन उसके बाद तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है।
दिल्ली में रिकॉर्ड गर्मी
दिल्ली में इस साल जनवरी का महीना उतना सर्द नहीं रहा, जैसा कि सामान्यत: होता है। तेज धूप के कारण लोगों को ठंड के मौसम में गर्मी का अहसास हुआ। 19 जनवरी को दिल्ली में रिकॉर्ड तापमान 26 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो बीते छह वर्षों में सबसे अधिक था।
न्यूनतम तापमान और घना कोहरा
उत्तर-पश्चिम भारत के कई इलाकों में न्यूनतम तापमान 5 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच है। राजस्थान के चूरू में सबसे कम तापमान 3.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पश्चिमी विक्षोभ की हवाएं हिमालय से टकराकर बारिश और बर्फबारी का कारण बनती हैं, जिसके बाद कोहरा भी छा सकता है।
Next Story