भारत मंडपम में AI समिट के बीच शर्ट उतारकर प्रदर्शन, बीजेपी बोली- शर्मनाक
x

भारत मंडपम में AI समिट के बीच शर्ट उतारकर प्रदर्शन, बीजेपी बोली- शर्मनाक

भारत मंडपम में एआई समिट के दौरान यूथ कांग्रेस कार्यकर्ता सुरक्षा तोड़ अंदर पहुंचे, पीएम के खिलाफ नारे लगाए। इस मामले की जांच के निर्देश दिए गए हैं।


दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित हाई-प्रोफाइल ‘एआई इम्पैक्ट समिट’ के दौरान उस समय हड़कंप मच गया, जब यूथ कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ता सुरक्षा घेरा तोड़कर कार्यक्रम स्थल के भीतर पहुंच गए। प्रदर्शनकारियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) के खिलाफ नारेबाजी की और PM is Compromised जैसे नारे लगाए।

उस समय सम्मेलन में देश-विदेश के कई वरिष्ठ प्रतिनिधि और गणमान्य अतिथि मौजूद थे। अचानक बैनर-पोस्टर के साथ पहुंचे कार्यकर्ता मुख्य हॉल के पास पहुंच गए। सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत हस्तक्षेप करते हुए उन्हें हिरासत में लिया और परिसर से बाहर कर दिया।


दिल्ली पुलिस के मुताबिक, इस विरोध प्रदर्शन में करीब 10 लोग शामिल थे, जिनमें से 4-5 को हिरासत में लिया गया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सभी ने क्यूआर कोड के माध्यम से प्रवेश प्राप्त किया था। हिरासत में लिए गए लोगों को तिलक मार्ग थाने ले जाया गया। पुलिस ने कहा है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि सख्त सुरक्षा के बावजूद वे अंदर कैसे पहुंचे।

बीजेपी का पलटवार

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि जब पूरा विश्व भारत को नई दिल्ली में मौजूद भारत मंडपम में आयोजित एआई इम्पैक्ट समिट की मेजबानी करते हुए देख रहा था और तकनीक व नवाचार के क्षेत्र में हमारे बढ़ते वैश्विक नेतृत्व का साक्षी बन रहा था, उस समय कांग्रेस ने देश का सम्मान बढ़ाने के बजाय आयोजन में व्यवधान उत्पन्न करने का रास्ता चुना।

यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं द्वारा जिस शर्मनाक तरीके से कार्यक्रम स्थल पर अनुचित व्यवहार करते हुए हंगामा किया गया है वह न केवल दुर्भाग्यपूर्ण है, बल्कि भारत की प्रतिष्ठा को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर धूमिल करने का प्रयास भी है।मैं कांग्रेस के इस कृत्य की भर्त्सना करता हूँ।

जब भी भारत वैश्विक मंच पर आगे बढ़ता है, कांग्रेस राष्ट्रहित के साथ खड़े होने के बजाय राजनीतिक लाभ लेने को प्राथमिकता देती दिखाई देती है। दलगत राजनीति को देश की प्रतिष्ठा और सम्मान से ऊपर रखना अत्यंत दुखद है।

भारत की जनता भली-भांति समझती है कि कौन भारत को सशक्त और समर्थ बनाने में जुटा है और कौन बार-बार भारत की छवि को धूमिल करने का प्रयास करता है।

बीजेपी आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय ने घटना को राष्ट्रीय शर्म बताते हुए कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जब भारत वैश्विक स्तर के एआई सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है और तकनीकी नेतृत्व का प्रदर्शन कर रहा है, तब इस तरह का विरोध देश की अंतरराष्ट्रीय छवि को नुकसान पहुंचाता है।

मालवीय ने यह भी कहा कि लोकतंत्र में विरोध का अधिकार है, लेकिन विश्व मंच पर देश को शर्मिंदा करना उचित नहीं। उनके अनुसार, ऐसे कृत्य भारत की साख को कमजोर करने का प्रयास हैं।

वैश्विक महत्व का सम्मेलन

यह आयोजन ग्लोबल साउथ में भारत द्वारा आयोजित पहला वैश्विक एआई शिखर सम्मेलन बताया जा रहा है। सम्मेलन में 20 से अधिक देशों के राष्ट्राध्यक्ष, 60 मंत्री और 500 से ज्यादा एआई विशेषज्ञ व उद्योग प्रतिनिधि शामिल हुए हैं।नीति-निर्माताओं, टेक कंपनियों, स्टार्टअप्स और शिक्षाविदों को एक मंच पर लाकर यह समिट इंडिया एआई मिशन और डिजिटल इंडिया पहल के तहत वैश्विक एआई सहयोग को व्यावहारिक और ठोस परिणामों में बदलने की दिशा में प्रयास कर रहा है।

Read More
Next Story