ChatGPT का दौर खत्म? Nvidia के CEO ने OpenClaw को बताया भविष्य की सबसे बड़ी क्रांति!
x

ChatGPT का दौर खत्म? Nvidia के CEO ने OpenClaw को बताया भविष्य की सबसे बड़ी क्रांति!

Nvidia के CEO जेन्सेन हुआंग ने 'OpenClaw' को AI की दुनिया की अगली बड़ी क्रांति बताया है। Nvidia ने इसके साथ ही 'NemoClaw' लॉन्च किया है


दुनिया की सबसे मूल्यवान टेक कंपनियों में से एक, Nvidia के CEO जेन्सेन हुआंग ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की दुनिया में एक नए धमाके का ऐलान किया है। कैलिफोर्निया में आयोजित 'Nvidia GTC' इवेंट के दौरान एक इंटरव्यू में उन्होंने 'OpenClaw' नामक प्रोजेक्ट को मानवता के इतिहास का सबसे सफल ओपन-सोर्स प्रोजेक्ट करार दिया। उन्होंने यहाँ तक कह दिया कि यह तकनीक "अगला ChatGPT" साबित होगी।

क्या है OpenClaw और ChatGPT से कैसे अलग है?

अब तक हम AI का इस्तेमाल केवल सवाल पूछने या कंटेंट लिखवाने (Chatbots) के लिए करते आए हैं। लेकिन OpenClaw इससे कहीं आगे की चीज़ है। यह एक 'ऑटोनॉमस AI एजेंट' (Autonomous AI Agent) प्लेटफॉर्म है सीधे शब्दों में कहें तो, जहाँ ChatGPT आपके सवालों के जवाब देता है, वहीं OpenClaw आधारित एजेंट आपके लिए काम करते हैं। ये एजेंट खुद फैसले ले सकते हैं, टास्क पूरे कर सकते हैं और बहुत कम मानवीय हस्तक्षेप के साथ जटिल काम निपटा सकते हैं।

Nvidia का बड़ा दांव: लॉन्च किया 'NemoClaw'

OpenClaw की बढ़ती लोकप्रियता को देखते हुए Nvidia ने भी अपनी चाल चल दी है। कंपनी ने 'NemoClaw' पेश किया है, जो OpenClaw का एक एंटरप्राइज-ग्रेड (बिजनेस के लिए सुरक्षित) वर्जन है। जेन्सेन हुआंग के अनुसार, "सिर्फ एक लाइन के कोड से आप अपना खुद का AI एजेंट बना सकते हैं और उसे कोई भी काम सौंप सकते हैं।"

किचन डिजाइन से लेकर आर्किटेक्ट बनने तक

जेन्सेन हुआंग ने इस तकनीक की शक्ति को एक साधारण उदाहरण से समझाया। उन्होंने बताया कि कैसे एक OpenClaw एजेंट रसोई (Kitchen) डिजाइन करने जैसा जटिल काम कर सकता है। यह एजेंट खुद इमेज स्टडी करेगा। डिजाइन टूल्स चलाना सीखेगा। नए-नए आइडियाज पर काम करेगा और अपनी गलतियों से सीखकर डिजाइन को बेहतर बनाएगा। हुआंग ने एक बहुत ही प्रेरणादायक बात कही, "अब हर बढ़ई (Carpenter) एक आर्किटेक्ट बन सकता है और हर प्लंबर भी आर्किटेक्ट बन सकता है। हम इस तकनीक के जरिए हर इंसान की काबिलियत को एक नए स्तर पर ले जाने वाले हैं।"

सुरक्षा और प्राइवेसी पर भी नजर

जब AI एजेंट खुद से फैसले लेने लगते हैं, तो सुरक्षा (Security) और प्राइवेसी (Privacy) को लेकर सवाल उठना लाजमी है। Nvidia ने 'NemoClaw' के जरिए इन्हीं चिंताओं को दूर करने की कोशिश की है। कंपनी इसमें 'गार्डरेल्स' (सुरक्षा घेरा) बना रही है ताकि ये ऑटोनॉमस एजेंट सुरक्षित तरीके से काम करें और डेटा लीक न हो।

Read More
Next Story