
दिल्ली में गड्ढे में गिरकर बाइक सवार की मौत के मामले में एक्शन, जल बोर्ड के 3 अधिकारी सस्पेंड
दिल्ली के जनकपुरी में जल बोर्ड के निर्माण कार्य के दौरान एक युवक गड्ढे में गिरकर मारा गया। दिल्ली सरकार ने मामले में तीन अधिकारियों को सस्पेंड कर दिया है।
दिल्ली सरकार ने जनकपुरी में दिल्ली जल बोर्ड की ओर से चल रहे निर्माण कार्य के दौरान हुए एक दर्दनाक हादसे के बाद कड़ी कार्रवाई की है। यहां एक मोटरसाइकिल सवार युवक की गड्ढे में गिरकर मौत हो गई। इस घटना को गंभीर मानते हुए दिल्ली सरकार ने तीन अधिकारियों को बर्खास्त कर दिया है और संबंधित एजेंसी के खिलाफ जांच की घोषणा की है। दिल्ली जल बोर्ड की तरफ से इस मामले में एग्जीक्यूटिव इंजीनियर, असिस्टेंट इंजीनियर और जूनियर इंजीनियर को सस्पेंड किया गया है। साथ ही दिल्ली सरकार ने मृतक के परिजनों को मुआवजे की भी घोषणा की है। सरकार का कहना है कि जिम्मेदार एजेंसी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है और आगे ऐसे हादसे रोकने के लिए कड़े कदम उठाए जाएंगे।
दिल्ली सरकार के मंत्री प्रवेश वर्मा ने बताया कि, जोगिंदर सिंह मार्ग पर दिल्ली जल बोर्ड का काम पिछले तीन महीने से चल रहा था। दोनों तरफ 100-100 मीटर की दूरी पर बैरिकेड लगाए गए थे और सड़क पर काम जारी था। उन्होंने कहा कि पिछले दो दिनों में यहां एक बड़ा गड्ढा खोदा गया था,जिसमें किसी प्रकार का ट्रैफिक नहीं था।
प्रवेश वर्मा ने बताया कि यह घटना बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है और हमने दिल्ली जल बोर्ड को जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि जांच के लिए एक कमेटी बनाई गई है और इसकी रिपोर्ट 24 घंटे के अंदर जमा की जाएगी। उन्होंने साफ किया कि इस घटना के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है और काम कर रही कंपनी के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
मृतक के परिवार को मिलेगा मुआवज़ा
दिल्ली सरकार ने यह भी कहा कि मृतक के परिवार को मुआवजा दिया जाएगा और भविष्य में ऐसी घटना न हो इसके लिए सुरक्षा नियमों को और कड़ा किया जाएगा। इस घटना पर दिल्ली सरकार के गृह मंत्री आशीष सूद ने भी दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जोगिंदर सिंह मार्ग पर जल बोर्ड के काम के दौरान गड्ढे में गिरकर युवक की मौत से मैं बहुत आहत हूं। वह घटनास्थल पर भी पहुंचे और मृतक के परिवार वालों से मिले। आशीष सूद ने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और पूरी सरकार इस दुख की घड़ी में परिवार के साथ खड़ी है। आशीष सूद ने बताया कि घटना की जांच के निर्देश दे दिए गए हैं और दोषियों को सख्त सजा दी जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रशासन इस मामले में जिम्मेदार लोगों को बख्शेगा नहीं और जल्द से जल्द रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
नोएड़ा में भी घटी थी ऐसी घटना
कुछ दिन पहले नोएडा सेक्टर 150 में युवराज नाम के युवक की मौत भी ठीक इसी तरह हुई थी। वहां एक प्राइवेट बिल्डर ने गड्ढा खोदा हुआ था। ना बैरीकेड, ना चेतावनी, उसी गड्ढे में गिरकर युवक की मौत हो गई। दरअसल 16 जनवरी की रात नोएडा के सेक्टर-150 में एक दर्दनाक हादसा हुआ था। सॉफ्टवेयर इंजीनियर युवराज मेहता की कार एक गहरे गड्ढे में गिर गई थी, जिससे उनकी मौत हो गई। एसआईटी (SIT) की जांच और नोएडा प्राधिकरण की रिपोर्ट में यह खुलासा हुआ कि वह गड्ढा नियमों का उल्लंघन करके खोदा गया था। इस मामले में पुलिस ने बिल्डर अभय कुमार को गिरफ्तार किया था।

