
हंगामे के बीच स्पीकर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव खारिज,अमित शाह की राहुल गांधी पर की गई टिप्पणी पर भारी बवाल
लोकसभा में स्पीकर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर हुई बहस का जवाब केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह दे रहे हैं।
Live Updates
- 11 March 2026 6:24 PM IST
लोकसभा सदन में विपक्ष के भारी हंगामे के बीच स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ लाया गया अविश्वास प्रस्ताव ध्वनिमत से खारिज हो गया। बिरला के खिलाफ विपक्ष प्रस्ताव लेकर आया था।
- 11 March 2026 6:15 PM ISTलोकसभा में अमित शाह के भाषण के दौरान कांग्रेस और विपक्षी दलों का भारी हंगामा चल रहा है। अमित शाह की राहुल गांधी को लेकर की गई टिप्पणी को लेकर लोकसभा में 'अमित शाह माफी मांगो' के नारे लग रहे हैं। कांग्रेस और विपक्ष के सांसद स्पीकर की वेल तक पहुंच गए।अमित शाह ने कहा था,“आप (राहुल गांधी) स्पीकर के आचरण की बात करते हैं। पहले अपने आचरण के बारे में भी बात कीजिए। आप आते हैं, प्रधानमंत्री को गले लगाते हैं, उड़ते हुए किस देते हैं और सदन में बैठे सदस्यों की ओर आंख मारते हैं। क्या संसद में ऐसा ही व्यवहार किया जाता है?” शाह की इस टिप्पणी के बाद विपक्ष की ओर से तीखा विरोध हुआ।
विपक्षी सांसद विरोध जताते हुए वेल में पहुंच गए। इस दौरान चर्चा की अध्यक्षता कर रहे जगदंबिका पाल ने कहा कि वह शाह के भाषण की जांच करवाएंगे और यदि उसमें कोई भी असंसदीय शब्द पाए गए तो उन्हें रिकॉर्ड से हटा दिया जाएगा।
इसके बाद पाल ने गृह मंत्री का बचाव करते हुए कहा कि शाह ने जो भी कहा है, वह तथ्यों के आधार पर कहा है। इस पर विपक्ष ने सदन में जोरदार नारेबाजी करते हुए अपना विरोध और तेज कर दिया।
- 11 March 2026 5:40 PM IST
राहुल गांधी के इस आरोप पर कि मुझे 'बोलने नहीं दिया गया', अमित शाह ने कहा,"ये आरोप भारतीय जनता पार्टी की छवि को खराब करने के लिए लगाया गया। हमने कभी विपक्ष की आवाज दबाने का काम नहीं किया। विपक्ष की आवाज़ दबाने का काम तो 1975 में इमरजेंसी के दौरान किया गया।"
- 11 March 2026 5:37 PM IST
अमित शाह ने कहा, "जो नियमों के खिलाफ जाएगा, उसका माइक बंद होगा ही और होना भी चाहिए। माइक तो सत्तापक्ष के लोगों का भी बंद होता है।"
- 11 March 2026 5:19 PM IST
अमित शाह ने कहा, "सदन में प्रधानमंत्री की सीट तक सारी महिला सांसद एकत्र होकर आ जाएंगे। प्रधानमत्री की चेयर, चेयर होती है।"
- 11 March 2026 5:14 PM IST
अमित शाह ने कहा, "कभी भी स्पीकर की निष्ठा पर शंका नहीं करनी चाहिए, ऐसा हमारी पार्टी का स्पष्ट मत है। हम स्पीकर के खिलाफ लाए गए प्रस्ताव को खारिज करते हैं।"
- 11 March 2026 5:13 PM IST
गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, "हम विपक्ष में रहने के दौरान कभी भी लोकसभा अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लेकर नहीं आए।"

