खामेनेई के अंडरग्राउंड बंकर पर ऐसे बरसाए गए बम, इजरायली सेना ने जारी किया हमले का वीडियो
x
इजरायल डिफेंस फोर्सेज ने खामेनेई के ठिकाने पर जेट विमानों से बम बरसाने का वीडियो जारी किया है

खामेनेई के अंडरग्राउंड बंकर पर ऐसे बरसाए गए बम, इजरायली सेना ने जारी किया हमले का वीडियो

आईडीएफ का दावा है कि 50 इजरायली लड़ाकू विमानों ने तेहरान में स्थित खामेनेई के भूमिगत सैन्य बंकर को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया।


इजरायल डिफेंस फोर्सेज (IDF) ने शुक्रवार को एक वीडियो जारी किया जिसमें उस भूमिगत सैन्य बंकर पर किए गए हवाई हमले को दिखाया गया है, जहां कथित तौर पर ईरान के सुप्रीम लीडर अली खामेनेई उनकी मौत से पहले मौजूद थे।

आईडीएफ का दावा है कि 50 इजरायली लड़ाकू विमानों ने तेहरान में स्थित इस भूमिगत सैन्य बंकर को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया।

आईडीएफ ने हवाई फुटेज साझा करते हुए कहा,“इजरायली वायुसेना के 50 फाइटर जेट्स ने तेहरान में ईरानी शासन के नेतृत्व परिसर के नीचे बने अली खामेनेई के भूमिगत सैन्य बंकर को नष्ट कर दिया।”

इजरायली सेना ने एक बयान में बताया कि यह भूमिगत बंकर नेतृत्व परिसर के नीचे एक सुरक्षित आपातकालीन सुविधा के रूप में बनाया गया था, जहां से नेता युद्ध के दौरान सैन्य अभियानों का संचालन कर सकते थे। इसे ऑपरेशन ‘रोअर ऑफ द हैरियर’ के दौरान इस्तेमाल होने से पहले ही नष्ट कर दिया गया।



खामेनेई की हत्या के बाद भी यह परिसर ईरानी शासन के वरिष्ठ अधिकारियों के लिए एक आधार के रूप में इस्तेमाल होता रहा।

शुक्रवार को इजरायल ने ईरान और लेबनान में नए हमले किए और कहा कि वह इस संघर्ष को मध्य-पूर्व युद्ध के एक नए चरण में ले जाएगा। यह युद्ध तेजी से पूरे क्षेत्र और उससे बाहर तक फैल चुका है।

अब अपने सातवें दिन में प्रवेश कर चुके इस युद्ध में वैश्विक शक्तियां भी शामिल हो गई हैं। इसके चलते दुनिया के ऊर्जा और परिवहन क्षेत्रों पर असर पड़ा है और उन इलाकों में भी अस्थिरता फैल गई है जो आम तौर पर अपेक्षाकृत शांत माने जाते हैं।

शुक्रवार तड़के ईरान की राजधानी तेहरान के आसमान में जोरदार धमाकों की आवाजें सुनाई दीं। इजरायल ने कहा कि वह शहर में “रिजीम इन्फ्रास्ट्रक्चर” को निशाना बना रहा है।

इंटरनेट मॉनिटरिंग ग्रुप नेटब्लॉक्स के अनुसार ईरान में इंटरनेट कनेक्टिविटी घटकर लगभग 1 प्रतिशत रह गई है, जिससे यह जानकारी जुटाना मुश्किल हो गया है कि युद्ध का आम लोगों पर क्या असर पड़ रहा है।

तेहरान में सामान्य रूप से व्यस्त रहने वाली सड़कें काफी हद तक खाली हो गई हैं। हालांकि, स्थानीय निवासियों ने एएफपी को बताया कि सुरक्षा बल आबादी पर कड़ा नियंत्रण बनाए हुए हैं।

Read More
Next Story