
केजरीवाल का बड़ा ऐलान: गुजरात में AAP की सरकार बनवाओ, सभी महिलाएं 1000 ₹ महीना पाओ
केजरीवाल ने राजनीति में बढ़ते परिवारवाद पर तीखा हमला बोला। उन्होंने साफ़ किया कि आम आदमी पार्टी किसी भी मौजूदा पदाधिकारी के भाई या बच्चों को टिकट नहीं देगी।
गुजरात में होने वाले आगामी स्थानीय निकाय चुनावों को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल अपने तीन दिवसीय गुजरात दौरे पर हैं। बुधवार को उन्होंने अमरेली जिले में 'विजय विश्वास सभा' को संबोधित किया। इस रैली में उनके साथ पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और गुजरात के अन्य दिग्गज नेता भी मौजूद रहे। केजरीवाल का यह दौरा राजनीतिक गलियारे में हलचल पैदा कर रहा है, खासकर महिलाओं और किसानों के लिए किए गए उनके बड़े वादों के कारण।
महिलाओं के लिए ₹1000 का बड़ा वादा
रैली को संबोधित करते हुए अरविंद केजरीवाल ने सीधे तौर पर महिलाओं को साधने की कोशिश की। उन्होंने पंजाब सरकार की मिसाल देते हुए कहा, "पंजाब में अब हर 18 साल से ऊपर की महिला को हर महीने 1,000 रुपये मिलेंगे। अगर एक घर में तीन महिलाएं हैं, तो उस परिवार को 3,000 रुपये महीना मिलेगा।" उन्होंने गुजरात की जनता से वादा किया कि यदि यहाँ 'आप' की सरकार बनती है, तो गुजरात की हर वयस्क महिला को भी यही लाभ दिया जाएगा। गौरतलब है कि पंजाब सरकार ने हाल ही में 'मुख्यमंत्री मावां धीयां सत्कार योजना' की घोषणा की है, जो अप्रैल 2026 से लागू होगी।
परिवारवाद पर कड़ा प्रहार
केजरीवाल ने राजनीति में बढ़ते परिवारवाद पर तीखा हमला बोला। उन्होंने साफ़ किया कि आम आदमी पार्टी किसी भी मौजूदा पदाधिकारी के भाई या बच्चों को टिकट नहीं देगी। उन्होंने कहा, "बीजेपी में केवल नेताओं के बच्चों को टिकट मिलता है, लेकिन हम आपके (जनता के) बच्चों को टिकट देंगे। आपको ही आम आदमी पार्टी का नेता बनना है और आपको ही अपनी सरकार चलानी है।"
केजरीवाल ने पंजाब का उदाहरण देते हुए बताया कि वहां के 94 विधायकों में से 80 से ज्यादा पहली बार विधायक बने हैं और सभी साधारण परिवारों से आते हैं। उन्होंने इस स्थानीय चुनाव को 'सेमीफाइनल' करार दिया और कहा कि यह विधानसभा चुनावों की जीत की नींव रखेगा।
भ्रष्टाचार और विकास पर सवाल
सौराष्ट्र की जनता को संबोधित करते हुए पूर्व दिल्ली सीएम ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछले 30 सालों में जनता को केवल अपमान और लाठियां मिली हैं। उन्होंने मोरबी पुल हादसे और खराब सड़कों का मुद्दा उठाते हुए पूछा कि जनता का पैसा कहाँ जा रहा है? उन्होंने किसानों की बदहाली का जिक्र करते हुए कहा, "सरकार ने 10,000 करोड़ रुपये के पैकेज की घोषणा की थी, लेकिन किसानों के हाथ कुछ नहीं आया। आखिर वह पैसा कहाँ गया?"
"हम जेल जाने से नहीं डरते"
केजरीवाल ने सौराष्ट्र की जनता का शुक्रिया अदा किया कि उन्होंने पिछली बार AAP को 4 सीटें दीं। उन्होंने कहा कि आज जब बीजेपी के लोग आम जनता पर अत्याचार करते हैं, तो AAP के कार्यकर्ता और नेता जैसे चैतर वसावा और प्रवीण राम ढाल बनकर खड़े होते हैं। उन्होंने कहा, "मुझे जेल में डाला गया, हमारे नेताओं को जेल भेजा गया, लेकिन हम डरने वाले नहीं हैं। अगर 4 सीटों पर हम इतना लड़ रहे हैं, तो सोचिए सरकार आने पर हम गुजरात का नक्शा बदल देंगे।"
भ्रष्टाचार के मुद्दे पर बोलते हुए केजरीवाल ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की तारीफ की। उन्होंने कहा कि मान ने भ्रष्टाचार के आरोप में अपनी ही पार्टी के एक विधायक (हरमीत सिंह पठानमाजरा) को जेल भेजने में संकोच नहीं किया। केजरीवाल ने संदेश दिया कि उनकी पार्टी में भ्रष्टाचार के लिए कोई जगह नहीं है।
अमरेली में भारी भीड़ और उत्साह के बाद, केजरीवाल और भगवंत मान गुरुवार (26 मार्च) को जामनगर के लालपुर मार्केटिंग यार्ड के पास एक और बड़ी रैली को संबोधित करेंगे।

