
नेपाल में बस त्रिशूली नदी में गिरी, 18 की मौत
नेपाल के धादिंग जिले में पोखरा से काठमांडू जा रही बस त्रिशूली नदी में गिर गई। हादसे में 18 लोगों की मौत और 26 घायल हुए, बचाव कार्य जारी है।
नेपाल में सोमवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जब एक यात्री बस त्रिशूली नदी में गिर गई। इस दुर्घटना में कम से कम 18 लोगों की मौत हो गई, जबकि 26 यात्री घायल हो गए। यह हादसा धादिंग जिले के गजुरी के पास उस समय हुआ, जब पोखरा से काठमांडू की ओर जा रही बस रात करीब 1:30 बजे पृथ्वी राजमार्ग पर त्रिशूली नदी में जा गिरी। यह स्थान काठमांडू से लगभग 90 किलोमीटर पश्चिम में स्थित है। सशस्त्र पुलिस बल के प्रवक्ता बिष्णु प्रसाद भट्ट के अनुसार, दुर्घटना के बाद तुरंत बचाव अभियान शुरू किया गया।
भट्ट ने बताया कि हादसे के स्थान से अब तक 17 शव बरामद किए जा चुके हैं और बस से 28 घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है। सभी घायलों को उपचार के लिए अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।राहत और बचाव कार्य के लिए नेपाल सेना, सशस्त्र पुलिस बल और नेपाल पुलिस के जवानों को तैनात किया गया है। बचाव दल लगातार घटनास्थल पर अभियान चला रहे हैं।
मृतकों में एक पुरुष यात्री न्यूजीलैंड का नागरिक बताया गया है। वहीं, घायलों में जापान और नीदरलैंड की दो महिला नागरिक भी शामिल हैं।हालांकि दुर्घटना के सटीक कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है, लेकिन पुलिस का प्राथमिक अनुमान है कि तेज रफ्तार इस हादसे की वजह हो सकती है।
(यह खबर पीटीआई की सिंडिकेटेड फीड से स्वतः प्रकाशित है। हेडलाइन को छोड़कर इसमें किसी प्रकार का संपादन नहीं किया गया है।)

