Abu Dhabi Airport Attack: अबू धाबी एयरपोर्ट पर बड़ा ड्रोन हमला, 1 मौत
x

Abu Dhabi Airport Attack: अबू धाबी एयरपोर्ट पर बड़ा ड्रोन हमला, 1 मौत

अबू धाबी के जायद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर भीषण ड्रोन हमला हुआ है। इस घटना में एक एशियाई नागरिक की मौत हो गई और सात लोग घायल हैं। क्षेत्र में तनाव काफी बढ़ गया है।


Drone Attack On Zayed International Airport Abudhabi : संयुक्त अरब अमीरात की राजधानी अबू धाबी में रविवार को एक बड़ा हमला हुआ है। यह हमला जायद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर किया गया है। एयरपोर्ट अधिकारियों ने पुष्टि की है कि इस घटना में एक व्यक्ति की जान चली गई है। मरने वाला व्यक्ति एक एशियाई मूल का नागरिक बताया जा रहा है। हमले में सात अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सोशल मीडिया पर मिली जानकारी के अनुसार यह एक संदिग्ध ड्रोन हमला है। चश्मदीदों ने बताया कि एयरपोर्ट के पास बहुत तेज धमाके सुनाई दिए थे। इसके तुरंत बाद टर्मिनल के बाहर एम्बुलेंस और सुरक्षा वाहन पहुँच गए। वहां भारी भीड़ जमा हो गई और सुरक्षा घेरा बढ़ा दिया गया है। यह हमला ऐसे समय में हुआ है जब क्षेत्र में भारी तनाव है। ईरान ने हाल ही में अमेरिका और इजरायल की कार्रवाई का बदला लेने की बात कही थी। माना जा रहा है कि यह हमला उसी जवाबी कार्रवाई का एक हिस्सा है।



ईरान के हमलों से जुड़ रहे हैं तार
क्षेत्रीय मीडिया और स्थानीय अधिकारियों के अनुसार यह हमला ईरान की जवाबी कार्रवाई का हिस्सा हो सकता है। दरअसल हाल ही में अमेरिका और इजरायल ने ईरान से जुड़े ठिकानों पर सैन्य कार्रवाई की थी। इसके बदले में ईरान ने यूएई के कुछ हिस्सों में मिसाइलें और ड्रोन दागे हैं। यूएई के आसमान में कई जगहों पर मिसाइलों का मलबा भी गिरते हुए देखा गया है। प्रशासन ने फिलहाल इस पर सीधे तौर पर कोई बड़ा बयान देने से परहेज किया है। लेकिन स्थिति को देखते हुए इसे क्षेत्रीय युद्ध से जोड़कर देखा जा रहा है।

प्रशासन की जनता से विशेष अपील
अबू धाबी एयरपोर्ट्स ने जनता से शांति बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने लोगों से कहा है कि वे सोशल मीडिया पर चल रही अफवाहों पर बिल्कुल भी ध्यान न दें। प्रशासन ने जोर देकर कहा कि सूचना के लिए केवल आधिकारिक सूत्रों पर ही भरोसा करें। घायलों की वर्तमान स्थिति के बारे में अभी कोई विस्तृत हेल्थ बुलेटिन जारी नहीं किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि वे इस पूरी घटना की बारीकी से जांच कर रहे हैं। इस हमले के बाद पूरे शहर में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है।

एयरपोर्ट पर तबाही का मंजर
सोशल मीडिया पर आई जानकारी के मुताबिक जायद एयरपोर्ट पर ड्रोन के टकराने से बड़ा धमाका हुआ। इस धमाके के बाद एयरपोर्ट परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार धमाके इतने तेज थे कि उनकी आवाज दूर तक सुनाई दी। आपातकालीन सेवाओं ने तुरंत मौके पर पहुँचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। सुरक्षा एजेंसियां अब यह पता लगा रही हैं कि ड्रोन किस दिशा से आया था।


Read More
Next Story