
पाकिस्तान क्यो नहीं संभाल पा रहा है बलूचिस्तान?
बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी ने पाकिस्तान की नाक में दम कर दिया है। ट्रेन हाईजैक के बाद इस बार बलोच विद्रोहियों ने पाकिस्तानी सेना के एक काफिले पर हमला कर दिया।
एक ही हफ्ते में ये दूसरी बार है जब बलूचिस्तान के सशस्त्र विद्रोही गुट ने पाकिस्तान के सामने बहुत बड़ी चुनौती पेश कर दी है। सैकड़ों मुसाफिरों से भरी ट्रेन को हाईजैक करने के बाद अब पाकिस्तानी सेना के काफिले पर फिदायीन हमला करके BLA अपनी लड़ाई को खतरनाक लेवल पर ले आई है।
आत्मघाती हमला बलूचिस्तान के नोशकी जिले में हुआ। यह वारदात उस वक्त हुई जब वहां से पाकिस्तानी सेना का एक काफिला गुजर रहा था। इस आत्मघाती हमले की जिम्मेदारी हथियारबंद अलगाववादी गुट बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी ने ली है।
विस्फोटकों से लदी कार से टक्कर
पाकिस्तान से जो खबरें आ रही हैं, उनके मुताबिक विस्फोटकों से लदी एक कार को सेना के काफिले में शामिल बस से टक्कर मारी गई। यानी कार को जबरन टकराया गया। इस हमले में बस के परखच्चे उड़ गए।
इसी में ज्यादा सैनिकों के मारे जाने की आशंका है। जबकि इसी काफिले में शामिल दूसरी बस को रॉकेट से संचालित ग्रेनेड से निशाना बनाया गया। इस हमले में अभी तक कम से कम सात लोगो के मारे जाने और लगभग ३५ के घायल होने की पुष्टि हुई है।
पाकिस्तानी सेना के इस काफिले में कुल ८ बसें शामिल बताई जा रही हैं, जिनमें से एक बस तो आत्मघाती हमले में तबाह हो गई।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी ने पाकिस्तान के 90 सैनिकों के मारे जाने का दावा किया है। BLA वही विद्रोही गुट है जोकि बलूचिस्तान में ट्रेन हाईजैक में शामिल रहा है।
हफ्तेभर में दूसरी वारदात
बलूचिस्तान की आजादी की मांग के लिए लड़ रहे सशस्त्र संगठन BLA ने पाकिस्तान की सरकार और सेना के सामने बड़ी चुनौती पेश कर दी है। एक हफ्ते के भीतर बलोच विद्रोहियों ने ये दूसरा बड़ा हमला किया है।
इससे पहले मंगलवार को BLA ने क्वेटा से पेशावर जाने वाली जाफर एक्सप्रेस ट्रेन का अपहरण कर लिया था। ट्रेन में 450 से ज्यादा यात्री सवार थे। उसको लेकर हालांकि दोनों पक्षों की तरफ से अलग-अलग दावे किए गए।