बांग्लादेश ने भारतीय नागरिकों के लिए बहाल की वीजा सेवा, तारिक रहमान के पद संभालते ही बड़ा कदम
x
बांग्लादेश उच्चायोग ने पर्यटक और चिकित्सा वीजा समेत सभी श्रेणियों में आवेदन स्वीकार करना शुरू कर दिया है।

बांग्लादेश ने भारतीय नागरिकों के लिए बहाल की वीजा सेवा, तारिक रहमान के पद संभालते ही बड़ा कदम

अगस्त 2024 में शेख हसीना की सरकार के पतन और अंतरिम व्यवस्था लागू होने के बाद दोनों देशों के रिश्तों में तल्खी आ गई थी। अब तारिक रहमान के नेतृत्व में नई सरकार ने संबंध सुधारने की पहल की है।


बांग्लादेश ने भारतीय नागरिकों के लिए वीजा सेवाएं फिर से शुरू कर दी हैं। नई दिल्ली स्थित बांग्लादेश उच्चायोग ने शुक्रवार सुबह टूरिस्ट और मेडिकल वीजा सहित सभी श्रेणियों के लिए कॉन्सुलर सेवाएं बहाल करने की घोषणा की। इसे प्रधानमंत्री तारिक रहमान के नेतृत्व में भारत-बांग्लादेश संबंधों को सुधारने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

पिछले साल दिसंबर में मोहम्मद यूनुस की अंतरिम सरकार के दौरान भारतीय नागरिकों के लिए वीजा सेवाओं पर रोक लगा दी गई थी। करीब दो महीने बाद अब यह रोक हटा ली गई है। तारिक रहमान ने इस सप्ताह मंगलवार को प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी और अपने चुनाव अभियान के दौरान पड़ोसी देशों से बेहतर संबंध बनाने का वादा किया था।

सभी वीजा श्रेणियों के लिए सेवाएं शुरू

सूत्रों के अनुसार, बांग्लादेश उच्चायोग ने पर्यटक और चिकित्सा वीजा समेत सभी श्रेणियों में आवेदन स्वीकार करना शुरू कर दिया है। विश्लेषकों का मानना है कि यह कदम बांग्लादेश की नई सरकार की ओर से भारत के साथ आर्थिक और रणनीतिक संबंधों को मजबूत करने का संकेत है।

सिलचर में खुलेगा वीजा केंद्र

असम के सिलचर में भी बांग्लादेश वीजा केंद्र खोले जाने की घोषणा की गई है। गुवाहाटी में बांग्लादेश के सहायक उच्चायुक्त रुहुल अमीन ने बताया कि कछार, करीमगंज और हैलाकांडी जिलों वाली बराक घाटी से वीजा की मांग अधिक है, इसलिए वहां केंद्र स्थापित करने का निर्णय लिया गया है। हालांकि, इसके उद्घाटन की तारीख अभी तय नहीं हुई है।

भारत ने भी दिए नरमी के संकेत

भारत ने भी अपने रुख में नरमी के संकेत दिए हैं। सिलहट में भारत के वरिष्ठ कॉन्सुलर अधिकारी अनिरुद्ध दास के हवाले से बताया गया है कि दिल्ली बांग्लादेशी नागरिकों के लिए भी सभी वीजा सेवाएं जल्द बहाल करने की तैयारी में है। फिलहाल मेडिकल और डबल-एंट्री वीजा जारी किए जा रहे हैं, जबकि अन्य श्रेणियां भी जल्द शुरू की जाएंगी।

रिश्तों में आई थी दूरी

भारत और बांग्लादेश के संबंध शेख हसीना के कार्यकाल में मजबूत रहे थे। हालांकि अगस्त 2024 में उनकी सरकार के पतन और अंतरिम व्यवस्था लागू होने के बाद दोनों देशों के रिश्तों में ठंडापन आ गया था, जो दिसंबर में और बढ़ गया। अब तारिक रहमान के नेतृत्व में नई सरकार ने संबंध सुधारने की पहल की है।

Read More
Next Story