
"भारत में फैक्ट्री मत लगाओ", डोनाल्ड ट्रंप की Apple CEO को नसीहत
डोनाल्ड ट्रंप का यह बयान अमेरिका और भारत के बीच व्यापारिक संबंधों पर असर डाल सकता है। जहां एक ओर Apple भारत को अपने उत्पादन का बड़ा केंद्र बना रहा है। वहीं, ट्रंप जैसे प्रभावशाली नेता की टिप्पणियां यह सवाल खड़ा करती हैं कि क्या भारत में निवेश की गति धीमी पड़ सकती है?
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार (15 मई) को कतर की राजधानी दोहा में एक व्यापारिक बैठक के दौरान Apple CEO टिम कुक के साथ हुई बातचीत का ज़िक्र करते हुए कहा कि उन्होंने Apple को भारत में फैक्ट्रियां लगाने से मना किया है।
ट्रंप ने दोहा में कहा कि मैंने टिम कुक से कहा कि हमें इसमें कोई दिलचस्पी नहीं कि आप भारत में फैक्ट्री लगाएं। भारत खुद का ख्याल रख सकता है। उन्होंने इस मुद्दे को एक छोटी सी परेशानी कहा। ट्रंप ने कहा कि मैंने कुक से कहा कि मेरे दोस्त, मैं तुम्हारे साथ बहुत अच्छा व्यवहार कर रहा हूं। तुम 500 बिलियन डॉलर की कंपनी हो। लेकिन अब मैं सुन रहा हूं कि तुम भारत में हर जगह फैक्ट्रियां लगा रहे हो। मुझे ये मंज़ूर नहीं। अगर तुम भारत की सेवा करना चाहते हो तो ठीक है। क्योंकि भारत दुनिया के सबसे उच्च टैरिफ वाले देशों में से एक है। वहां सामान बेचना बहुत मुश्किल है।
भारत की तरफ से छूट का प्रस्ताव
ट्रंप ने यह भी कहा कि भारत ने अमेरिका को एक ऐसा प्रस्ताव दिया है, जिसमें "शून्य टैरिफ" लगाने की बात कही गई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि Apple अब अपने उत्पादन को अमेरिका में बढ़ाएगा। गौरतलब है कि अप्रैल 2024 में अमेरिका ने भारत से होने वाले आयात पर 26% ड्यूटी लगाई थी, जो उस समय चीन से लगने वाली 100% ड्यूटी से कहीं कम थी। हालांकि, बाद में अमेरिका ने चीन को छोड़कर अन्य देशों पर ड्यूटी को तीन महीने के लिए स्थगित कर दिया। इससे Apple ने भारी टैरिफ से बचने के लिए भारत में उत्पादन बढ़ाने का रास्ता अपनाया।
भारत में Apple का बढ़ता दबदबा
2024 में Apple ने भारत में लगभग 40–45 मिलियन iPhones बनाए, जो कंपनी के वैश्विक उत्पादन का 18–20% है। इनमें से 14–15 मिलियन iPhones अमेरिका निर्यात किए गए। वहीं, 13 मिलियन अन्य देशों में भेजे गए। जबकि लगभग 12 मिलियन भारत में बेचे गए। वर्तमान में Apple की भारत में तीन प्रमुख फैक्ट्रियां हैं — दो तमिलनाडु में और एक कर्नाटक में।
Foxconn और Tata समूह हैं मुख्य खिलाड़ी
भारत में iPhone निर्माण का बड़ा हिस्सा Foxconn Technology Group की दक्षिण भारत स्थित फैक्ट्री में होता है। इसके अलावा Tata Group की इलेक्ट्रॉनिक्स शाखा भी महत्वपूर्ण आपूर्तिकर्ता है। टाटा ने हाल ही में Wistron Corp के स्थानीय संचालन का अधिग्रहण किया और Pegatron Corp के भारतीय प्लांट का प्रबंधन भी देख रहा है। दोनों कंपनियां अपने उत्पादन संयंत्रों का तेजी से विस्तार कर रही हैं।
भारत में बने 22 अरब डॉलर के iPhones
मार्च 2025 को समाप्त वित्त वर्ष में Apple ने भारत में 22 अरब डॉलर मूल्य के iPhones का निर्माण किया, जो कि पिछले वर्ष की तुलना में 60% अधिक है।