
'हम युद्ध में हैं'-जेट गिरने पर ट्रंप का सख्त रुख, ईरान का A-10 पर भी दावा
ईरान में अमेरिकी जेट गिरने पर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि इससे बातचीत पर असर नहीं पड़ेगा। बता दें कि ईरान ने दो अमेरिकी लड़ाकू विमानों को मार गिराने का दावा किया है।
ईरान में अमेरिकी फाइटर जेट गिराए जाने के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पहली प्रतिक्रिया देते हुए साफ कहा कि इस घटना का ईरान के साथ जारी बातचीत पर कोई असर नहीं पड़ेगा। उन्होंने कहा, “नहीं, बिल्कुल नहीं। यह युद्ध है। हम युद्ध में हैं,” और संकेत दिया कि ऐसे हालात के बावजूद कूटनीतिक प्रक्रिया जारी रहेगी।
ट्रंप ने दुर्घटनाग्रस्त विमान से जुड़े सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन पर विस्तार से टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। साथ ही उन्होंने इस पूरे मामले पर मीडिया कवरेज को लेकर नाराजगी भी जाहिर की।
इस बीच, ईरान ने एक और अमेरिकी सैन्य विमान को मार गिराने का दावा किया है। अर्ध-सरकारी तस्नीम न्यूज एजेंसी के अनुसार, ईरानी एयर डिफेंस ने होर्मुज जलडमरूमध्य के पास एक अमेरिकी A-10 विमान को निशाना बनाया। यह इलाका फिलहाल क्षेत्रीय तनाव का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। ईरानी सेना के हवाले से कहा गया है कि विमान को रणनीतिक समुद्री मार्ग के दक्षिणी हिस्से में गिराया गया, हालांकि इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
बताया जा रहा है कि A-10 एक विशेष अमेरिकी ग्राउंड-अटैक विमान है, जिसे जमीनी बलों को हवाई समर्थन देने और बख्तरबंद लक्ष्यों को निशाना बनाने के लिए डिजाइन किया गया है।
इससे पहले शुक्रवार को अमेरिकी F-15E स्ट्राइक ईगल फाइटर जेट के ईरान के ऊपर गिराए जाने की खबर सामने आई थी। उस दौरान विमान में सवार दोनों पायलट सुरक्षित रूप से इजेक्ट हो गए थे। बाद में अमेरिकी सेना ने एक साहसिक अभियान चलाकर एक पायलट को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
हालांकि, दूसरे पायलट को लेकर अब भी स्थिति स्पष्ट नहीं है। कुछ रिपोर्ट्स में उसके ईरानी हिरासत में होने की बात कही जा रही है, जबकि अन्य में उसकी तलाश जारी बताई गई है। ईरानी मीडिया के अनुसार, उस पायलट को जिंदा पकड़ने पर इनाम की घोषणा भी की गई है।

