
Syria: होम्स शहर के मस्जिद में विस्फोट, 8 लोगों की मौत, कई घायल
Homs mosque blast: शुरुआती जांच में पता चला है कि मस्जिद के अंदर ही विस्फोटक लगाया गया था। इस घटना में अब तक 21 लोग घायल हुए हैं।
Syria explosion: सीरिया के होम्स शहर में शुक्रवार को एक मस्जिद में हुए विस्फोट में कम से कम 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए। यह विस्फोट अलावी अल्पसंख्यक समुदाय की इमाम अली बिन अबी तालिब मस्जिद में हुआ। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, धमाका शुक्रवार दोपहर की नमाज के दौरान हुआ। यह समय आमतौर पर मस्जिदों में सबसे ज्यादा भीड़ का होता है। विस्फोट के बाद सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके को घेर लिया और जांच शुरू कर दी।
रिपोर्ट्स के अनुसार, शुरुआती जांच में पता चला है कि मस्जिद के अंदर ही विस्फोटक लगाया गया था। इस घटना में अब तक 21 लोग घायल हुए हैं। ये आंकड़े शुरुआती हैं और मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। मीडिया में जारी तस्वीरों और वीडियो में मस्जिद के अंदर मलबा, टूटी खिड़कियां और क्षतिग्रस्त दीवारें दिखाई दे रही हैं। राहतकर्मी और सुरक्षाबल मौके पर राहत और बचाव कार्य में जुटे हुए हैं। अब तक इस हमले की जिम्मेदारी किसी भी संगठन ने नहीं ली है।
घटना के बाद सीरिया के विदेश मंत्रालय ने एक बयान जारी कर इस हमले की कड़ी निंदा की है। मंत्रालय ने इसे मानवीय और नैतिक मूल्यों पर कायराना हमला बताया और कहा कि इसका उद्देश्य देश में अस्थिरता फैलाना है। बयान में कहा गया कि सीरिया हर रूप में आतंकवाद का विरोध करता है और देश की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
गौरतलब है कि पूर्व राष्ट्रपति बशर अल-असद के सत्ता से हटने और देश छोड़ने के बाद से सीरिया में सांप्रदायिक तनाव और हिंसा की घटनाएं बढ़ी हैं। अल-असद अलावी समुदाय से आते थे, जबकि उनके बाद बनी सरकार सुन्नी बहुसंख्यक है। इसी महीने की शुरुआत में मध्य सीरिया में हुए एक अन्य हमले में दो अमेरिकी सैनिकों की भी मौत हो चुकी है।

