
पाकिस्तान और बांग्लादेश में गहरे छनने लगी, 14 साल बाद ढाका से फ्लाइट पहुंची कराची
बांग्लादेश में शेख हसीना की सरकार के जाने के बाद से बदले हुए राजनीतिक हालात में इसे एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है।
भारत से बिगड़ते सम्बन्धों के बीच बांग्लादेश की पाकिस्तान से पींगें बढ़ने लगी हैं। इसकी सबसे ताज़ा मिसाल है 14 साल बाद बांग्लादेश–पाकिस्तान के बीच सीधी उड़ान सेवा की बहाली। बांग्लादेश की राजधानी ढाका और पाकिस्तान के शहर कराची के बीच सीधी हवाई कनेक्टिविटी एक बार फिर बहाल हो गई है।
बांग्लादेश की सरकारी एयरलाइंस बिमान बांग्लादेश की फ्लाइट BG-341 गुरुवार शाम राजधानी ढाका से उड़ान भरकर देर रात कराची के जिन्ना अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरी। इस ऐतिहासिक मौके पर कराची एयरपोर्ट पर बांग्लादेश की फ्लाइट का पारंपरिक वॉटर साल्यूट के साथ स्वागत किया गया। अब ढाका–कराची रूट पर हफ्ते में दो बार, गुरुवार और शनिवार को उड़ानें संचालित होंगी। ढाका से उड़ान रात 8 बजे रवाना होकर रात 11 बजे कराची पहुंचेगी, जबकि वापसी में फ्लाइट कराची से रात 12 बजे उड़ान भरकर सुबह 4:20 बजे ढाका पहुंचेगी।
फ्लाइट के आगमन को पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच बेहतर होते द्विपक्षीय और दोस्ताना संबंधों के प्रतीक के रूप में देखा जा रहा है। वैसे दोनों देशों की सरकारें पिछले साल से ढाका और कराची के बीच सीधी उड़ानों की बहाली को लेकर बातचीत कर रही थीं। इस पहल का मकसद व्यापार, लोगों से लोगों के संपर्क और अन्य द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करना है।
अगस्त 2025 में हुई थी घोषणा
यह फैसला 1971 में बांग्लादेश की पाकिस्तान से स्वतंत्रता के बाद एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है। अगस्त 2025 में पाकिस्तान के उपप्रधानमंत्री और विदेश मंत्री इशाक दार की ढाका यात्रा के दौरान इस सीधी फ्लाइट की बहाली की योजना पहली बार सार्वजनिक रूप से घोषित की गई थी। इसके बाद पाकिस्तान सिविल एविएशन अथॉरिटी ने बिमान बांग्लादेश एयरलाइंस को इस रूट पर उड़ान संचालन और पाकिस्तानी हवाई क्षेत्र के निर्धारित एयर कॉरिडोर के इस्तेमाल की अनुमति प्रदान की।

