यूएस सुप्रीम कोर्ट के जजों पर डोनाल्ड ट्रंप का तीखा हमला, बोले अब और लगेगा टैरिफ
x

यूएस सुप्रीम कोर्ट के जजों पर डोनाल्ड ट्रंप का तीखा हमला, बोले अब और लगेगा टैरिफ

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सुप्रीम कोर्ट के हालिया टैरिफ आदेश के बाद जजों को 'मूर्ख और चापलूस' तक कह दिया। इतना ही नहीं उन्होंने इस फैसले को देश के खिलाफ बताया।


Donald Trump Lashed Out On Supreme Court: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने वैश्विक टैरिफ (Global Tariffs) को रद्द करने के सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। व्हाइट हाउस में एक प्रेस ब्रीफिंग के दौरान ट्रंप ने इस फैसले को 'बेहद निराशाजनक' बताया और बहुमत का साथ देने वाले जजों पर जमकर निशाना साधा। इसके साथ ही ट्रंप ने 10 प्रतिशत का नया ग्लोबल टैरिफ घोषित किया। ट्रंप का कहना है कि सुप्रीम कोर्ट में हार के बाद वह 10% ग्लोबल टैरिफ लागू करने के लिए कार्यकारी आदेश पर जल्द साइन करेंगे।

'जजों पर शर्म आती है'

शुक्रवार देर रात मीडिया से बात करते हुए ट्रंप ने कहा कि उन्हें अदालत के कुछ सदस्यों पर "शर्म" आती है। उन्होंने जजों को "कायर" बताते हुए कहा कि उनमें देश के लिए सही कदम उठाने की हिम्मत नहीं है। ट्रंप यहीं नहीं रुके, उन्होंने जजों को "RINO (दिखावटी रिपब्लिकन) और कट्टरपंथी वामपंथी डेमोक्रेट्स के पालतू कुत्ते" तक कह डाला।

उन्होंने जजों की आलोचना करते हुए कहा, 'सुप्रीम कोर्ट का टैरिफ पर फैसला बहुत निराशाजनक है। मुझे कोर्ट के कुछ सदस्यों पर बिल्कुल शर्म आती है कि उनमें वह करने का साहस नहीं था जो देश के लिए सही है। ये लोग हमारे संविधान के प्रति वफादार नहीं हैं।'

नील गोरसच और एमी कोनी बैरेट पर साधा निशाना

जब ट्रंप से विशेष रूप से उनके द्वारा नियुक्त जस्टिस नील गोरसच और एमी कोनी बैरेट के बारे में पूछा गया (जो विपक्ष के बहुमत में शामिल थे), तो ट्रंप ने कहा, 'सच कहूं तो, उन दोनों का यह व्यवहार उनके परिवारों के लिए शर्मिंदगी की बात है।'

हालांकि, उन्होंने डेमोक्रेटिक पार्टी द्वारा नियुक्त तीन जजों पर तंज कसते हुए कहा कि उनसे तो यही उम्मीद थी, कम से कम वे अपनी पार्टी के प्रति 'वफादार' तो हैं।

जेडी वेंस ने भी बोला हमला

उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने भी इस फैसले का विरोध किया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर लिखा, 'यह अदालत की सीधी-सादी अराजकता है।' हालांकि वेंस ने ट्रंप की तरह जजों पर व्यक्तिगत टिप्पणी करने से परहेज किया।

पुराना रहा है विवादों का नाता

ट्रंप का सुप्रीम कोर्ट के साथ रिश्ता हमेशा से उतार-चढ़ाव भरा रहा है। 2024 में उन्हें 'प्रेसिडेंशियल इम्युनिटी' (राष्ट्रपति छूट) के मामले में बड़ी जीत मिली थी, लेकिन टैरिफ के इस ताज़ा फैसले ने उनके आर्थिक एजेंडे को बड़ा झटका दिया है। हालांकि सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले के बाद अब ट्रंप ने 10 प्रतिशत का नया ग्लोबल टैरिफ घोषित किया। ट्रंप का कहना है कि सुप्रीम कोर्ट में हार के बाद वह 10% ग्लोबल टैरिफ लागू करने के लिए कार्यकारी आदेश पर जल्द साइन करेंगे।

Read More
Next Story