खालिदा जिया का निधन: दुनिया भर के नेताओं ने बांग्लादेश की पहली महिला पीएम को किया याद
x

खालिदा जिया का निधन: दुनिया भर के नेताओं ने बांग्लादेश की पहली महिला पीएम को किया याद

former Prime Minister of Bangladesh: खालिदा ज़िया का मंगलवार को ढाका के एक अस्पताल में लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। वह 79 वर्ष की थीं। खालिदा जिया के निधन पर विभिन्न देशों और नेताओं की प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं।


Click the Play button to hear this message in audio format

Khaleda Zia: बांग्लादेश की राजनीति की मजबूत आवाज खामोश हो गई है। सत्ता, संघर्ष और लोकतंत्र की लंबी लड़ाई का प्रतीक रहीं देश की पहली महिला प्रधानमंत्री खालिदा जिया के निधन ने न सिर्फ बांग्लादेश, बल्कि पूरी दुनिया को शोक में डुबो दिया है। एक ऐसे दौर का अंत हुआ है, जिसने देश की राजनीति की दिशा तय की और जिसकी गूंज आज भी अंतरराष्ट्रीय मंचों पर सुनाई देती है। खालिदा जिया के निधन पर दुनियाभर के नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए देश के प्रति उनके योगदान और लोकतंत्र के लिए उनके संघर्ष को याद किया।

खालिदा ज़िया का मंगलवार को ढाका के एक अस्पताल में लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। वह 79 वर्ष की थीं। खालिदा जिया के निधन पर विभिन्न देशों और नेताओं की प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं। प्रमुख प्रतिक्रियाएं इस प्रकार हैं:-

बांग्लादेश

देश के अंतरिम नेता मुहम्मद यूनुस ने खालिदा ज़िया के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने उन्हें “लोकतांत्रिक आंदोलन का प्रतीक” बताया और कहा कि बांग्लादेश में “लोकतंत्र, बहुदलीय राजनीतिक संस्कृति और जनता के अधिकारों” की स्थापना के लिए उनके संघर्ष को हमेशा याद रखा जाएगा। यूनुस ने कहा कि वह उनके निधन से “गहराई से दुखी और शोकाकुल” हैं। खालिदा ज़िया की लंबे समय से राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी और पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना, जो पिछले वर्ष सत्ता से हटाए जाने के बाद भारत में निर्वासन में हैं, ने भी शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं।

अवामी लीग द्वारा ऑनलाइन साझा संदेश में शेख हसीना ने कहा कि बांग्लादेश की पहली महिला प्रधानमंत्री के रूप में और लोकतंत्र की स्थापना के संघर्ष में उनकी भूमिका के लिए देश के प्रति उनका योगदान महत्वपूर्ण रहा है और हमेशा याद रखा जाएगा। उनका निधन बांग्लादेश के राजनीतिक जीवन और बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी के नेतृत्व के लिए एक बड़ी क्षति है।

भारत

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खालिदा ज़िया के निधन पर “गहरा दुख” व्यक्त किया और उनके परिवार तथा बांग्लादेश की जनता के प्रति “हार्दिक संवेदनाएं” प्रकट कीं। प्रधानमंत्री मोदी ने ‘एक्स’ पर लिखा कि बांग्लादेश की पहली महिला प्रधानमंत्री के रूप में बांग्लादेश के विकास और भारत-बांग्लादेश संबंधों को मजबूत करने में उनके महत्वपूर्ण योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा।

पाकिस्तान

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने खालिदा जिया के निधन पर गहरा शोक जताया और उन्हें “पाकिस्तान की प्रतिबद्ध मित्र” बताया। उन्होंने कहा कि बांग्लादेश की सेवा तथा उसके विकास और प्रगति के लिए उनका आजीवन योगदान एक स्थायी विरासत छोड़ गया है। इस कठिन समय में हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं उनके परिवार, मित्रों और बांग्लादेश की जनता के साथ हैं।

संयुक्त राज्य अमेरिका

ढाका स्थित अमेरिकी दूतावास ने भी खालिदा ज़िया के निधन पर गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। दूतावास ने अपने संदेश में कहा कि श्रीमती ज़िया ने अपने देश के आधुनिक इतिहास को आकार देने में अहम भूमिका निभाई और उनका नेतृत्व बांग्लादेश के विकास को आगे बढ़ाने में निर्णायक रहा। खालिदा ज़िया के निधन को बांग्लादेश के राजनीतिक इतिहास में एक युग के अंत के रूप में देखा जा रहा है।

Read More
Next Story