बांग्लादेश में हिंदू कारोबारी की चाकू मारकर हत्या, चुनाव से तीन दिन पहले वारदात
x
62 साल के सुसेन चंद्र सरकार चावल व्यापारी थे। उन्हें उनकी दुकान के अंदर ही मारा गया

बांग्लादेश में हिंदू कारोबारी की चाकू मारकर हत्या, चुनाव से तीन दिन पहले वारदात

यह घटना बांग्लादेश के उसी मयमनसिंह ज़िले में हुई, जहां इससे पहले एक अन्य हिंदू व्यक्ति दीपू चंद्र दास को भी भीड़ ने पीट-पीटकर मार डाला था और बाद में जला दिया गया था।


Click the Play button to hear this message in audio format

बांग्लादेश में संसदीय चुनाव से कुछ दिन पहले एक हिंदू व्यापारी की बेरहमी से हत्या कर दी गई। सोमवार को मयमनसिंह जिले में यह घटना सामने आई। मृतक की पहचान 62 वर्षीय सुसेन चंद्र सरकार के रूप में हुई है, जोकि पेशे से चावल व्यापारी थे।

मीडिया रिपोर्ट्स में पुलिस के हवाले से बताया गया है कि सुसेन चंद्र सरकार की उनके ही दुकान के अंदर धारदार हथियार से काटकर हत्या कर दी गई। इसके बाद हमलावर दुकान के शटर बंद कर मौके से फरार हो गए।

घटना रात करीब 11 बजे की बताई जा रही है। सुसेन चंद्र सरकार की दुकान “भाई भाई एंटरप्राइज” उपजिला के बोगर बाजार चौराहे पर स्थित है। वह दक्षिणकांदा गांव के रहने वाले थे। यह घटना बांग्लादेश के मयमनसिंह ज़िले में हुई, जहां एक अन्य हिंदू व्यक्ति दीपू चंद्र दास को भी भीड़ ने पीट-पीटकर मार डाला और जला दिया गया।

पुलिस के मुताबिक, अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार से सरकार पर हमला किया और उन्हें दुकान के भीतर छोड़कर शटर गिरा दिया। जब देर रात तक वह घर नहीं लौटे, तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। दुकान का शटर खोलने पर वे खून से लथपथ हालत में पड़े मिले।

परिजन उन्हें तुरंत मयमनसिंह मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा और मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। ओसी फिरोज ने कहा कि उन्होंने घटना के बाद खुद मौके का मुआयना किया।

मृतक के बेटे सुजन सरकार ने बताया कि हमलावर दुकान से नकदी भी लूट ले गए। उन्होंने कहा कि उनके पिता की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी।

सुजन ने स्थानीय मीडिया से कहा,“हम लंबे समय से चावल का कारोबार कर रहे हैं। हमारी किसी से कोई रंजिश नहीं थी। अपराधियों ने मेरे पिता की बेरहमी से हत्या करने के बाद दुकान से कई लाख टका लूट लिए।”

Read More
Next Story