How Israel Trace Khamenei's Where About : ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्लाह अली खामेनेई की मौत ने पूरी दुनिया को हैरान कर दिया है। हर कोई यह सोच रहा है कि इतनी कड़ी सुरक्षा के बावजूद यह सटीक हमला कैसे हुआ? किसी राष्ट्र के सर्वोच्च नेता की लोकेशन ट्रैक करना लगभग असंभव माना जाता है। लेकिन अमेरिका और इजरायल ने इस असंभव को सच कर दिखाया। अंतरराष्ट्रीय रिपोर्टों के अनुसार, यह ऑपरेशन सिर्फ मिसाइलों का खेल नहीं था। इसके पीछे वर्षों से चल रहा एक गुप्त साइबर नेटवर्क और हाई-एंड एल्गोरिदम था। तेहरान की गलियों से लेकर पास्टर स्ट्रीट तक की हर गतिविधि सालों तक रिकॉर्ड की गई। फाइनेंशियल टाइम्स की रिपोर्ट ने इस ऑपरेशन की रोंगटे खड़े करने वाली कहानी बताई है। इस खुलासे ने तेहरान की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है। सालों की साइबर पैठ ने खामेनेई के सुरक्षा चक्र को पूरी तरह भेद दिया था।
हैक थे तेहरान के ट्रैफिक कैमरे
रिपोर्ट में दावा किया गया है कि तेहरान की पूरी ट्रैफिक कैमरा प्रणाली वर्षों से हैक थी। इन कैमरों की लाइव फीड एन्क्रिप्टेड रूप में इजरायली सर्वर पर भेजी जा रही थी। विशेष रूप से पास्टर स्ट्रीट के कैमरों ने खामेनेई की सुरक्षा टीम का पूरा डेटा लीक किया। सुरक्षा गार्डों के घर के पते और उनके ड्यूटी शेड्यूल तक की जानकारी जुटाई गई। इसे इंटेलिजेंस की भाषा में 'पैटर्न ऑफ लाइफ' कहा जाता है। यानी इजरायल को खामेनेई की मिनट-दर-मिनट की आवाजाही का पता था। एआई और सोशल नेटवर्क एनालिसिस के जरिए सुरक्षा घेरे की हर कमजोरी को पहचाना गया। इजरायली अधिकारियों का कहना है कि वे तेहरान को येरूशलम की तरह बेहतर जानने लगे थे। यही सूक्ष्म जानकारी इस सफल ऑपरेशन का सबसे बड़ा आधार बनी।
मोबाइल नेटवर्क और सिग्नल इंटेलिजेंस का खेल
हमले के वक्त पास्टर स्ट्रीट के पास मौजूद मोबाइल टावरों को अचानक बाधित कर दिया गया था। सुरक्षा अधिकारियों के फोन लगातार बिजी सिग्नल दे रहे थे। इस कारण हमले की कोई भी चेतावनी या अलर्ट खामेनेई तक नहीं पहुँच सका। सिग्नल इंटेलिजेंस और मोबाइल डेटा ट्रैकिंग के संयोजन ने स्ट्राइक की सफलता सुनिश्चित की। जब तक सुरक्षा बल कुछ समझ पाते, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। सीआईए के एक मानव स्रोत ने बैठक के सटीक समय और स्थान की अंतिम पुष्टि की थी। इस रीयल-टाइम जानकारी ने ही ऑपरेशन को 'ग्रीन सिग्नल' दिया। तकनीकी और मानवीय खुफिया तंत्र के इस घातक मेल ने खामेनेई के बचने की सारी उम्मीदें खत्म कर दी थीं।
सिर्फ 60 सेकंड में बदल गया ईरान का इतिहास
यह पूरा अभियान लगभग दो दशकों की लंबी खुफिया रणनीति का परिणाम था। इजरायली विमान कई घंटों से हवा में तैनात होकर आदेश का इंतजार कर रहे थे। हमले में 30 से अधिक प्रिसिजन-म्यूनिशन यानी सटीक निशाना लगाने वाले हथियारों का उपयोग हुआ। पूरी स्ट्राइक को मात्र '60 सेकंड की विंडो' के भीतर अंजाम दिया गया। ईरान की बढ़ी हुई सतर्कता के बावजूद इजरायल ने इस मिशन को सफलतापूर्वक पूरा किया। इस हमले ने न केवल खामेनेई को खत्म किया, बल्कि ईरान के राजनीतिक भविष्य को भी हिला दिया है। 60 सेकंड के इस प्रहार ने मध्य पूर्व में शक्ति संतुलन को पूरी तरह बदल दिया है। अमेरिका और इजरायल के लिए यह अब तक की सबसे बड़ी सामरिक जीत मानी जा रही है।