अमेरिका में भारतीय परिवार में खूनी वारदात, पत्नी समेत 4 रिश्तेदारों की हत्या; बच्चे अलमारी में छिपे
x
इस गोलीबारी के आरोपी विजय कुमार (दाएं) को गिरफ्तार कर लिया गया है. उसकी गोलीबारी में उसकी पत्नी मीनू डोगरा (बाएं) की भी मौत हो गई

अमेरिका में भारतीय परिवार में खूनी वारदात, पत्नी समेत 4 रिश्तेदारों की हत्या; बच्चे अलमारी में छिपे

वारदात के बाद 12 वर्षीय बच्चे ने हिम्मत दिखाते हुए 911 पर कॉल कर दी, जिससे पुलिस कुछ ही मिनटों में घटनास्थल पर पहुंच सकी।


Click the Play button to hear this message in audio format

अमेरिका के जॉर्जिया प्रांत में एक भारतीय परिवार में भयानक खूनखराबा हो गया। कथित पारिवारिक विवाद से जुड़ी एक गोलीबारी की घटना में एक भारतीय नागरिक और उनके तीन रिश्तेदारों की मौत हो गई। यह जानकारी स्थानीय अधिकारियों और अटलांटा स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने दी है।

यह घटना लॉरेंसविल शहर में हुई, जहां पुलिस को एक घर में गोली चलने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचने पर पुलिस ने घर के अंदर चार लोगों को गोली लगने की हालत में पाया, जिन्हें वहीं मृत घोषित कर दिया गया।

स्थानीय रिपोर्टों के मुताबिक, गोलीबारी के समय घर के अंदर तीन बच्चे, जिनकी उम्र 7, 10 और 12 साल थी, मौजूद थे। अपनी जान बचाने के लिए बच्चे एक अलमारी में छिप गए। 12 वर्षीय बच्चे ने हिम्मत दिखाते हुए 911 पर कॉल कर दी, जिससे पुलिस कुछ ही मिनटों में घटनास्थल पर पहुंच सकी। बच्चों को कोई चोट नहीं आई है और फिलहाल उन्हें परिवार के एक सदस्य की देखरेख में सौंप दिया गया है।

आरोपी कौन है?

पुलिस ने आरोपी की पहचान 51 वर्षीय विजय कुमार के रूप में की है, जो अटलांटा का निवासी है। उसके खिलाफ गंभीर हमले (एग्रेवेटेड असॉल्ट) के चार आरोप, फेलोनी मर्डर के चार आरोप, मालिस मर्डर के चार आरोप लगाए गए हैं। इसके अलावा उस पर बच्चों के प्रति प्रथम श्रेणी की क्रूरता का एक आरोप और तृतीय श्रेणी की क्रूरता के दो आरोप भी दर्ज किए गए हैं।

मृतकों की पहचान विजय कुमार की पत्नी मीनू डोगरा (43), निवासी अटलांटा, और उनके तीन रिश्तेदारों, गौरव कुमार (33), निधि चंदर (37) और हरीश चंदर (38), के रूप में हुई है। तीनों लॉरेंसविल के रहने वाले थे।

जांचकर्ताओं के अनुसार, विजय कुमार और मीनू डोगरा के बीच अटलांटा स्थित उनके घर में किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ था। इसके बाद वे अपने 12 वर्षीय बच्चे के साथ ब्रुक आइवी कोर्ट स्थित उस घर पर पहुंचे, जहां अन्य तीन मृतक अपने दो बच्चों के साथ रहते थे।

ग्विनेट काउंटी पुलिस की कॉरपोरल एंजेला कार्टर ने कहा, “फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि विवाद किस बात पर हुआ था, वे उस घर क्यों पहुंचे या फिर घटना तक हालात कैसे पहुंचे।”

उन्होंने आगे कहा, “यह निश्चित रूप से एक बेहद दुखद घटना है — एक साथ चार लोगों की मौत, वह भी बच्चों की मौजूदगी में, बेहद त्रासदीपूर्ण है।”

भारतीय वाणिज्य दूतावास ने जताया शोक

अटलांटा स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है और बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर लिखा, “हम एक कथित पारिवारिक विवाद से जुड़ी इस दुखद गोलीबारी की घटना से बेहद आहत हैं, जिसमें एक भारतीय नागरिक की भी जान गई है। कथित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और शोकाकुल परिवार को हर संभव सहायता दी जा रही है।”

Read More
Next Story