
ईरान पर डेडलाइन आज खत्म, ईरान ने युवाओं से पावर प्लांट घेरने को कहा, इजरायल बोला-दूर रहो, वरना मारे जाओगे
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के ऊर्जा प्रतिष्ठानों पर हमले के लिए जो डेडलाइन दी थी, अमेरिकी समय के अऩुसार वो तारीख आज खत्म हो रही है। लेकिन अमेरिकी और इजरायली धमकियों के बावजूद ईरान ने झुकने से इनकार कर दिया है।
अब तक के हालातों को देखकर तो यह लग रहा है कि आज की रात ईरान पर बहुत भारी है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा ईरान को होर्मुज़ जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) को फिर से खोलने के लिए दी गई समयसीमा तेजी से करीब आ रही है। ईरान को अमेरिकी समय के अऩुसार मंगलवार रात आठ बजे तक का समय दिया गया है।
चेतावनी दी गई है कि अगर ऐसा नहीं हुआ तो देश के बुनियादी ढांचे पर भारी बमबारी की जा सकती है। इसी बीच मंगलवार को ईरान ने अपने देश के युवाओं से अपील की कि वे पावर प्लांट्स के चारों ओर मानव श्रृंखला बना लें लेकिन इजरायल ने ईरान के लोगों को आगाह किया है कि आज रात पब्लिक ट्रांसपोर्ट से दूर रहें वरना मारे जाओगे।
पश्चिम एशिया में चल रहा युद्ध मंगलवार को 39वें दिन में प्रवेश कर गया है। इसी दौरान इज़राइली डिफेंस फोर्स (IDF) ने पूरे ईरान में रहने वाले लोगों और ट्रेन यात्रियों के लिए एक आपात चेतावनी जारी की। इसमें कहा गया कि सुरक्षा कारणों से वे ईरान समयानुसार रात 21:00 बजे तक ट्रेन यात्रा और रेलवे लाइनों से दूर रहें।
चेतावनी में कहा गया, “प्रिय नागरिकों, आपकी सुरक्षा के लिए हम अनुरोध करते हैं कि इस समय से लेकर ईरान समयानुसार 21:00 बजे तक आप पूरे ईरान में ट्रेन से यात्रा करने और रेलवे लाइनों के पास जाने से बचें।” इसमें यह भी जोड़ा गया कि ट्रेनों में रहना या रेलवे लाइनों के आसपास होना जीवन के लिए खतरनाक हो सकता है।
यह सलाह उस बयान के बाद आई है जिसमें इज़राइली सेना ने दावा किया कि उसने ईरान के एक पेट्रोकेमिकल प्लांट पर हमला किया है, जहां कथित तौर पर ईरानी सेना के लिए नाइट्रिक एसिड तैयार किया जाता था। इज़राइली सेना के अनुसार, नाइट्रिक एसिड विस्फोटक और बैलिस्टिक मिसाइलों के अन्य महत्वपूर्ण हिस्सों के निर्माण में इस्तेमाल होने वाला अहम पदार्थ है।
अमेरिका, इज़राइल और ईरान के बीच युद्धविराम की कोशिशें उस समय ठप पड़ गईं जब सोमवार को ईरान ने 45 दिन के युद्धविराम प्रस्ताव को खारिज कर दिया। इस बीच रणनीतिक रूप से अहम होर्मुज़ जलडमरूमध्य को फिर से खोलने की समयसीमा नजदीक आने के साथ ही अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कड़ा रुख अपनाते हुए व्यापक सैन्य कार्रवाई की चेतावनी दी है। इससे संकेत मिल रहा है कि यह संकट अब एक निर्णायक चरण में प्रवेश कर सकता है, जिसके दूरगामी प्रभाव पूरे क्षेत्र और उससे बाहर तक पड़ सकते हैं।

