
नेतन्याहू की हत्या की अफवाहों के बीच IRGC का बयान—जिंदा हैं तो ढूंढकर मारेंगे
नेतन्याहू की हत्या की अफवाहों के बीच ईरान की IRGC ने उन्हें मारने की धमकी दी। हालांकि इजराइल ने स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री पूरी तरह सुरक्षित हैं।
ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने रविवार को इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को कड़ी धमकी दी। संगठन ने कहा कि यदि नेतन्याहू जीवित हैं, तो उन्हें पूरी ताकत के साथ ढूंढकर मार दिया जाएगा। यह बयान ऐसे समय आया है जब सोशल मीडिया पर नेतन्याहू की हत्या को लेकर तरह-तरह की अफवाहें फैल रही हैं। इन अफवाहों के बीच ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड ने अपने आधिकारिक वेबसाइट ‘सेपाह न्यूज’ पर जारी बयान में नेतन्याहू को “बच्चों का हत्यारा अपराधी” बताया।
बयान में कहा गया, “अगर यह बच्चों का हत्यारा अपराधी जिंदा है, तो हम पूरी ताकत के साथ उसका पीछा करते रहेंगे और उसे मार गिराएंगे। हालांकि, इन दावों के कुछ ही घंटों बाद इजराइली प्रधानमंत्री कार्यालय ने सभी अफवाहों को खारिज कर दिया। कार्यालय ने स्पष्ट किया कि नेतन्याहू पूरी तरह सुरक्षित हैं और उनकी हत्या से जुड़ी खबरें पूरी तरह झूठी हैं।
सोशल मीडिया पर अफवाहें उस समय तेज हो गईं जब नेतन्याहू के एक्स (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट पर एक वीडियो पोस्ट किया गया। इस वीडियो में उनके हाथ में छह उंगलियां दिखाई देने का दावा किया गया, जिसके बाद लोगों ने अंदेशा जताया कि यह वीडियो एडिट किया गया है या फिर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से बनाया गया हो सकता है।
इसी बीच नेतन्याहू के बेटे यायर नेतन्याहू को लेकर भी अटकलें लगाई जा रही हैं। सोशल मीडिया पर दावा किया गया कि उन्होंने 9 मार्च के बाद से एक्स पर कोई पोस्ट नहीं किया है और इसके पीछे किसी पारिवारिक वजह का अनुमान लगाया जा रहा है। हालांकि, इन दावों की आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल, इजराइली सरकार ने साफ कर दिया है कि प्रधानमंत्री नेतन्याहू सुरक्षित हैं और उनकी हत्या से जुड़ी खबरें केवल अफवाह हैं।

