
इस्लामाबाद में जुमे की नमाज के दौरान शिया मस्जिद में फिदायीन हमला; 31 की मौत, 160 से ज्यादा घायल
शुरुआती जानकारी के मुताबिक यह आत्मघाती हमला था। पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक हमलावर ने गेट पर रोके जाने के बाद खुद को उड़ा लिया था।
शुक्रवार को जुमे की नमाज के दौरान पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद का एक हिस्सा दहल गया। यहां एक शिया मस्जिद में बड़ा धमाका हुआ है, जिसमें अब तक 31 लोगों की मौत और 169 से ज्यादा लोगों के घायल होने की सूचना है।
बताया जा रहा है कि इस्लामाबाद के तरलाई इलाके की इमाम बारगाह खदीजत-उल-कुबरा मस्जिद में आत्मघाती हमला किया गया। जुमा होने की वजह से मस्जिद में काफी भीड़भाड़ थी। पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक फितना अल-ख्वारिज से जुड़े हमलावर ने गेट पर रोके जाने के बाद खुद को उड़ा लिया था।
घटना के बाद पूरे इलाके को सुरक्षा बलों ने घेर लिया है। इस्लामाबाद में यह आत्मघाती हमला ऐसे वक्त हुआ है, जब उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति शौकत मिर्जियोयेव की दो दिन की आधिकारिक यात्रा पर हैं।
धमाके के बाद पूरे इलाके में भयानक अफरातफरी मच गई। लोग अपनी जान बचाते हुए इधर-उधर भागते दिखे। सूचना मिलते ही फौरन पुलिस और रेस्क्यू टीमें पहुंची और राहत व बचाव कार्य में जुट गए। घटना से जुड़े कई वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए हैं, जिसमें लोग इमाम बारगाह की जमीन पर बेसुध पड़े हैं। वहीं कुछ लोग एक दूसरे की मदद करते दिखाई दिए।
अभी ये पता नहीं चल पाया है कि इस फिदायीन हमले के पीछे कौन है, लेकिन यह धमाका पाकिस्तानी सुरक्षा बलों और बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी के बीच हुए घातक संघर्ष के कुछ ही दिनों बाद हुआ है, जिसमें दोनों पक्षों को भारी नुकसान उठाना पड़ा था।
इस्लामाबाद में तीन महीने के भीतर यह दूसरी बार धमाके की खबर सामने आई है। इससे पहले नवंबर में पाकिस्तान की राजधानी में एक आत्मघाती विस्फोट हुआ था, जिसमें 12 लोगों की मौत हो गई थी।

