ईरान संग युद्ध उम्मीद से पहले हो सकता है खत्म, नेतन्याहू का बड़ा दावा
x

ईरान संग युद्ध उम्मीद से पहले हो सकता है खत्म, नेतन्याहू का बड़ा दावा

इज़राइल के पीएम बेंजामिन नेतन्याहू ने दावा किया कि 20 दिन के युद्ध में ईरान की मिसाइल और परमाणु क्षमता खत्म हो गई है। इज़राइल अब जीत के करीब है।


इज़राइल के पीएम बेंजामिन नेतन्याहू (Benjamin Netanyahu) ने विदेशी मीडिया के साथ एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में ईरान के खिलाफ चल रहे सैन्य अभियान पर कई अहम बयान दिए। उन्होंने दावा किया कि यह युद्ध इज़राइल के पक्ष में जा रहा है और जीत करीब है। अपने स्वास्थ्य को लेकर चल रही अटकलों पर उन्होंने स्पष्ट कहा कि वह जिंदा और पूरी तरह स्वस्थ हैं।

नेतन्याहू के अनुसार, 20 दिनों तक चले इस भीषण संघर्ष के बाद ईरान अब यूरेनियम संवर्द्धन (enrichment) और बैलिस्टिक मिसाइल निर्माण की क्षमता खो चुका है। उन्होंने कहा कि इज़राइल लगातार बढ़त बना रहा है जबकि ईरान कमजोर हो रहा है। साथ ही, उन्होंने होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर नए विकल्पों की आवश्यकता भी जताई।

उन्होंने आगे कहा कि इज़राइल ईरान पर चौतरफा हमला कर रहा है और अब ईरान वैश्विक स्तर पर दबाव बनाने की स्थिति में नहीं है। नेतन्याहू का दावा था कि ईरान की नेतृत्व क्षमता खत्म हो चुकी है और जिन मिसाइलों की वह धमकी देता है, वे अब उसके पास नहीं हैं। उन्होंने यह भी कहा कि ईरानी जनता को स्वतंत्रता दिलाना उनका लक्ष्य है।

अमेरिका को युद्ध में शामिल करने के आरोपों पर उन्होंने कहा कि United States के साथ इज़राइल के संबंध मजबूत हैं और डोनाल्ड ट्रंप के साथ उनका तालमेल बेहतरीन है। उन्होंने जोर देकर कहा कि अमेरिका पर किसी तरह का दबाव नहीं डाला गया है और वह अपने फैसले स्वतंत्र रूप से लेता है।

इस दौरान इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) को लेकर भी उन्होंने कहा कि उसका प्रभाव तेजी से खत्म किया जा रहा है और उसका समय सीमित है। सैन्य कार्रवाई की जानकारी देते हुए नेतन्याहू ने कहा कि इज़राइल हवा, जमीन और भूमिगत हर स्तर पर हमला कर रहा है। उन्होंने यह भी दावा किया कि कैस्पियन सागर में ईरान के नौसैनिक बेड़े को भारी नुकसान पहुंचाया गया है।

घरेलू स्थिति पर बात करते हुए उन्होंने बताया कि अर्थव्यवस्था और स्कूलों को धीरे-धीरे फिर से खोला जा रहा है और प्रभावित लोगों को उचित मुआवजा दिया जाएगा।अंत में उन्होंने कहा कि चाहे ईरान में नेतृत्व कोई भी हो, इज़राइल की रणनीति में बदलाव नहीं होगा और रिवोल्यूशनरी गार्ड्स की भूमिका को पूरी तरह समाप्त करने का प्रयास जारी रहेगा।

Read More
Next Story