
इजरायली हमले में ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड के खुफिया प्रमुख माजिद खदेमी मारे गए
IRGC ने यह स्पष्ट नहीं किया कि खदेमी कहां मारे गए, लेकिन सुबह के समय ईरान की राजधानी तेहरान के आसपास के रिहायशी इलाकों पर कई हवाई हमले किए गए।
इजरायल ने सोमवार को घोषणा की कि उसने ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के खुफिया प्रमुख मेजर जनरल माजिद खदेमी को मार गिराया है। इजरायल के रक्षा मंत्री इजरायल कात्ज़ ने यह घोषणा की। पश्चिम एशिया में जारी युद्ध 38वें दिन में प्रवेश कर गया है।
एसोसिएटेड प्रेस ने अनुसार इजरायली रक्षा मंत्री ने कहा,“रिवोल्यूशनरी गार्ड नागरिकों पर गोलीबारी कर रहे हैं और हम आतंकवादियों के नेताओं को खत्म कर रहे हैं। ईरान के नेता खुद को निशाने पर महसूस कर रहे हैं। हम उन्हें एक-एक कर ढूंढ-ढूंढ कर मारते रहेंगे।”
कात्ज़ ने यह भी कहा कि इजरायल ने ईरान के इस्पात और पेट्रोकेमिकल उद्योगों को “गंभीर रूप से नुकसान” पहुंचाया है।
उन्होंने कहा,“हम ईरान के राष्ट्रीय ढांचे को लगातार ध्वस्त करते रहेंगे और आतंकवादी शासन के पतन तथा उसकी आतंक फैलाने और इजरायल पर हमला करने की क्षमता को खत्म कर देंगे।”
IRGC ने भी की पुष्टि
उनकी टिप्पणी के बाद IRGC ने अपने टेलीग्राम चैनल पर पोस्ट कर खदेमी की मौत की पुष्टि की। पोस्ट में कहा गया,“इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स के खुफिया संगठन के शक्तिशाली और शिक्षित प्रमुख मेजर जनरल माजिद खदेमी आज सुबह अमेरिकी-ज़ायोनी (इजरायल) दुश्मन के आपराधिक आतंकी हमले में शहीद हो गए।”
हालांकि IRGC ने यह स्पष्ट नहीं किया कि खदेमी कहां मारे गए, लेकिन सुबह के समय ईरान की राजधानी तेहरान के आसपास के रिहायशी इलाकों पर कई हवाई हमले किए गए।
जारी सैन्य अभियान
संयुक्त राज्य अमेरिका और इजरायल ने ईरान में चल रहे सैन्य अभियान के दौरान IRGC सहित कई शीर्ष ईरानी नेताओं को निशाना बनाया है। ये हमले 28 फरवरी से शुरू हुए, जिसके बाद ईरान की जवाबी कार्रवाई और व्यापक मध्य पूर्व संघर्ष तेज हो गया।
ईरान के तत्कालीन सर्वोच्च नेता अयातुल्लाह अली खामेनेई की 28 फरवरी को मौत हो गई थी। उनके बाद उनके बेटे मोजतबा खामेनई को उत्तराधिकारी बनाया गया, हालांकि उनकी वर्तमान स्थिति स्पष्ट नहीं है और बताया जा रहा है कि वह युद्ध से जुड़ी चोटों से उबर रहे हैं।

