परमाणु केंद्र से स्टील प्लांट तक हमला, इजरायल के वार से ईरान में हलचल
x

परमाणु केंद्र से स्टील प्लांट तक हमला, इजरायल के वार से ईरान में हलचल

इजरायल ने ईरान के परमाणु ठिकानों पर हमला किया। यज्द और अराक को बनाया निशाना। ईरान ने पुष्टि कर चेतावनी भी दी है।


मध्य पूर्व में तनाव एक बार फिर बढ़ गया है। इजरायल ने ईरान के परमाणु कार्यक्रम से जुड़े ठिकानों पर बड़ा हवाई हमला किया है। इजरायली सेना (IDF) के अनुसार, वायुसेना ने शुक्रवार को ईरान के यज्द स्थित यूरेनियम प्रोसेसिंग फैसिलिटी को निशाना बनाया। इस हमले की पुष्टि ईरान ने भी की है।

यूरेनियम प्रोसेसिंग केंद्र पर सीधा वार

इजरायली सेना ने अपने बयान में कहा कि उसने यज्द में स्थित उस अहम केंद्र पर हमला किया, जहां यूरेनियम संवर्धन के लिए आवश्यक कच्चा माल तैयार किया जाता है। IDF के मुताबिक, यह ठिकाना ईरान के परमाणु कार्यक्रम का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

अराक के हेवी वॉटर प्लांट पर भी हमला

यूरेनियम केंद्र के अलावा इजरायल ने अराक में स्थित हेवी वॉटर प्लांट को भी निशाना बनाया। इस प्लांट का उपयोग प्लूटोनियम उत्पादन में होता है, जो परमाणु हथियारों के निर्माण में अहम भूमिका निभाता है।ईरानी मीडिया के अनुसार, अमेरिका और इजरायल ने मिलकर खोंदाब परिसर पर हमला किया है।

परमाणु कार्यक्रम को लेकर बढ़ती जंग

अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच चल रहा संघर्ष अब परमाणु कार्यक्रम को लेकर और तीखा हो गया है। अमेरिका और इजरायल लंबे समय से ईरान के इनरिच्ड यूरेनियम को खत्म करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन अब तक उन्हें पूरी सफलता नहीं मिली है।ऐसे में दोनों देश मिलकर ईरान के अन्य परमाणु ठिकानों को निशाना बना रहे हैं।

पहले भी हो चुके हैं हमले

यह पहला मौका नहीं है जब ईरान के परमाणु केंद्रों को निशाना बनाया गया हो। इससे पहले Natanz स्थित परमाणु केंद्र पर हमला हुआ था। इसके जवाब में ईरान ने इजरायल के डिमोना स्थित गुप्त परमाणु ठिकाने पर हमला किया था।इस घटना के बाद कुछ समय तक ऊर्जा ठिकानों पर हमलों से बचा गया, लेकिन अब फिर से हमले तेज हो गए हैं।

स्टील प्लांट्स और पावर इंफ्रास्ट्रक्चर भी निशाने पर

ईरान के विदेश मंत्री ने आरोप लगाया है कि इजरायल और अमेरिका ने देश की दो बड़ी स्टील फैक्ट्रियों, एक पावर प्लांट और सिविलियन न्यूक्लियर साइट्स को भी निशाना बनाया।ईरानी मीडिया के मुताबिक खुजेस्तान के अहवाज में स्थित स्टील प्लांट और इस्फहान के पास मौजूद मोबारकेह स्टील प्लांट पर हमला किया गया। मोबारकेह ईरान की सबसे बड़ी स्टील कंपनी मानी जाती है।ईरान ने इन हमलों पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है और इजरायल को गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी है।

Read More
Next Story