
डोनाल्ड ट्रंप के रिज़ॉर्ट में घुसने की कोशिश, हथियारबंद युवक को सुरक्षाकर्मियों ने मार गिराया
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक संदिग्ध को मार-ए-लागो रिजॉर्ट के नॉर्थ गेट के पास शॉटगन और ईंधन से भरा कैन लिए देखा गया। वह एक अन्य वाहन के बाहर निकलने के दौरान गेट से अंदर घुसने में सफल हो गया
अमेरिका में फ्लोरिडा के पाम बीच स्थित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के निजी रिज़ॉर्ट ‘मार-ए-लागो’ में रविवार को सुरक्षा चूक की एक गंभीर घटना सामने आई। एक हथियारबंद युवक ने रिज़ॉर्ट की सुरक्षित परिधि में घुसने की कोशिश की। उसे अमेरिकी सीक्रेट सर्विस के सुरक्षाकर्मियों ने गोली मार दी।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक संदिग्ध को मार-ए-लागो रिजॉर्ट के नॉर्थ गेट के पास शॉटगन और ईंधन से भरा कैन लिए देखा गया। जब वह एक अन्य वाहन के बाहर निकलने के दौरान गेट से अंदर घुसने में सफल हो गया, तो वहां तैनात सीक्रेट सर्विस एजेंटों और पाम बीच काउंटी शेरिफ कार्यालय के एक डिप्टी ने उसे रोकने की कोशिश की। मुठभेड़ के दौरान सुरक्षाकर्मियों ने गोली चलाई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के समय डोनाल्ड ट्रंप और प्रथम महिला मेलानिया ट्रंप व्हाइट हाउस में मौजूद थे। अधिकारियों ने मृतक की पहचान सार्वजनिक नहीं की है, हालांकि सीक्रेट सर्विस के प्रवक्ता एंथनी गुग्लिएल्मी ने बताया कि संदिग्ध की उम्र लगभग 20 वर्ष के आसपास थी और वह नॉर्थ कैरोलाइना का निवासी था। परिवार ने कुछ दिन पहले उसके लापता होने की सूचना दी थी।
जांच एजेंसियों का मानना है कि युवक नॉर्थ कैरोलाइना से फ्लोरिडा की ओर आया था और रास्ते में उसने कथित तौर पर शॉटगन हासिल की। उसके वाहन से एक गन बॉक्स भी बरामद किया गया है। फिलहाल अधिकारी उसके संभावित मकसद की जांच कर रहे हैं और मनोवैज्ञानिक प्रोफाइल तैयार की जा रही है।
सीक्रेट सर्विस ने यह भी याद दिलाया कि ट्रंप को पूर्व में भी सुरक्षा खतरों का सामना करना पड़ा है। जुलाई 2024 में पेनसिल्वेनिया की एक चुनावी रैली में उन पर जानलेवा हमला हुआ था, जबकि सितंबर 2024 में उनके वेस्ट पाम बीच गोल्फ कोर्स के पास एक सशस्त्र व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया था, जिसे बाद में उम्रकैद की सजा सुनाई गई।
अधिकारियों ने कहा है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की जा रही है।

