
न्यूयॉर्क के ब्रुकलिन ब्रिज से टकराया मेक्सिकन नेवी का जहाज, 277 लोग थे सवार
मेक्सिकन नौसेना का जहाज कुआउटेमोक ब्रुकलिन ब्रिज से टकराया जिसमें कई लोग घायल हैं। जहाज में 277 लोग सवार थे, हादसे की जांच जारी है।
Brooklyn Bridge accident: शनिवार को न्यूयॉर्क शहर में एक बड़ा हादसा तब हुआ जब मैक्सिकन नौसेना का प्रशिक्षण जहाज ‘कुआउटेमोक’ ईस्ट रिवर से गुजरते समय ब्रुकलिन ब्रिज से टकरा गया। हादसे के वक्त जहाज में 277 लोग सवार थे।प्रत्यक्षदर्शियों और सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के अनुसार, जहाज का ऊपरी हिस्सा ब्रिज से टकराकर नीचे गिर गया और जहाज किनारे की ओर रगड़ता हुआ बढ़ने लगा। घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोग चिल्लाते हुए नजर आए।
न्यूयॉर्क फायर डिपार्टमेंट के अधिकारियों ने बताया कि वे चोटों की सूचना पर तुरंत मौके पर पहुंचे, लेकिन यह स्पष्ट नहीं किया कि घायल यात्री जहाज पर थे या ब्रिज पर।इस घटना के बाद मेक्सिकन नौसेना ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पुष्टि करते हुए कहा कि उनका प्रशिक्षण पोत कुआउटेमोक क्षतिग्रस्त हो गया है और उसकी यात्रा अस्थायी रूप से रोक दी गई है। बयान में कहा गया कि स्थानीय और नौसेना अधिकारी कर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जांच कर रहे हैं
क्या है 'कुआउटेमोक'
'कुआउटेमोक' एक प्रशिक्षण जहाज है, जो अकादमिक कक्षाओं के बाद कैडेट्स को समुद्री अनुभव देने के लिए विभिन्न देशों की यात्रा करता है। यह जहाज 6 अप्रैल को अकापुल्को (मैक्सिको) से रवाना हुआ था और 15 देशों के 22 बंदरगाहों पर रुकने की योजना थी। इसका कुल यात्रा समय 254 दिन निर्धारित था, जिसमें से 170 दिन समुद्र में और 84 दिन बंदरगाहों पर बिताने थे।फिलहाल स्थानीय और अंतरराष्ट्रीय अधिकारी इस दुर्घटना की जांच कर रहे हैं और जहाज के अगले कदम पर फैसला जल्द लिया जाएगा। मैक्सिकन नौसेना के अनुसार, लगभग 297 फीट लंबा और 40 फीट चौड़ा (90.5 मीटर लंबा और 12 मीटर चौड़ा) कुआउटेमोक 1982 में पहली बार रवाना हुआ था।
हर साल यह नौसेना सैन्य स्कूल में कक्षाओं के अंत में कैडेटों के प्रशिक्षण को पूरा करने के लिए निकलता है। नौसेना ने तब कहा था कि इस वर्ष यह जहाज 6 अप्रैल को 277 लोगों के साथ प्रशांत तट पर स्थित मेक्सिको के अकापुल्को बंदरगाह से रवाना हुआ था।