
एलियंस संभव लेकिन एरिया 51 में कुछ नहीं, ओबामा का बड़ा बयान
बराक ओबामा का कहना है कि ब्रह्मांड में एलियंस की संभावना है, लेकिन उन्होंने कोई सबूत नहीं देखा। एरिया 51 में एलियन छिपाने के दावों को भी खारिज किया।
अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा ने कहा है कि ब्रह्मांड में पृथ्वी के बाहर जीवन की संभावना “वास्तविक” है, लेकिन उन्होंने स्वयं कभी किसी एलियन को नहीं देखा। हालांकि, उन्होंने इस दावे को खारिज किया कि अमेरिकी सरकार एलियन तकनीक या उनके शवों को नेवादा स्थित अत्यंत गोपनीय अमेरिकी वायुसेना अड्डे एरिया 51 जैसी किसी गुप्त जगह पर छिपाकर रखती है।
यूट्यूबर ब्रायन टायलर कोहेन के साथ एक अनौपचारिक बातचीत के दौरान जब उनसे पूछा गया कि क्या एलियन वास्तव में मौजूद हैं, तो ओबामा ने कहा, “वे वास्तविक हैं, लेकिन मैंने उन्हें नहीं देखा।”
‘कोई भूमिगत गुप्त सुविधा नहीं’
ओबामा ने यह भी स्पष्ट किया कि एरिया 51 में एलियन यान या शव छिपाकर रखे जाने का दावा सही नहीं है। उन्होंने कहा कि उस एयरबेस पर ऐसी कोई भूमिगत गुप्त सुविधा मौजूद नहीं है। इंडिया टुडे के अनुसार, ओबामा ने कहा कि उन्हें एरिया 51 में नहीं रखा गया है, वहां कोई भूमिगत सुविधा नहीं है जब तक कि कोई बहुत बड़ी साजिश न हो और उसे अमेरिका के राष्ट्रपति से भी छिपा लिया गया हो।”
‘एलियंस के होने की संभावना ज्यादा, लेकिन ओबामा ने आगे कहा कि ब्रह्मांड के विशाल विस्तार को देखते हुए यह संभावना काफी अधिक है कि इंसान अकेले नहीं हैं। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि अपने राष्ट्रपति कार्यकाल के दौरान उन्हें ऐसा कोई सबूत नहीं मिला जिससे यह संकेत मिले कि एलियंस ने इंसानों से संपर्क करने की कोशिश की हो। उन्होंने कहा कि तारामंडलों और सौर मंडलों के बीच की दूरी इतनी अधिक है कि पृथ्वी पर एलियंस के आने की संभावना बेहद कम है।
इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट में उन्होंने लिखा, “मैं स्पीड राउंड की भावना के साथ जवाब दे रहा था, लेकिन चूंकि इस पर ध्यान गया है, तो स्पष्ट कर दूं। सांख्यिकीय रूप से ब्रह्मांड इतना विशाल है कि वहां जीवन होने की संभावना अच्छी है। लेकिन सौर मंडलों के बीच की दूरी इतनी ज्यादा है कि हमारे पास एलियंस के आने की संभावना बहुत कम है। अपने राष्ट्रपति कार्यकाल में मैंने ऐसा कोई प्रमाण नहीं देखा कि पृथ्वी के बाहर के जीवों ने हमसे संपर्क किया हो।”
‘अस्पष्ट हवाई वस्तुओं के वीडियो मौजूद’
साल 2021 में एक टेलीविजन इंटरव्यू में ओबामा ने यह स्वीकार किया था कि अमेरिकी अधिकारियों के पास ऐसे वास्तविक वीडियो हैं जिनमें आकाश में उड़ती कुछ वस्तुएं दिखाई देती हैं, जिन्हें तुरंत समझाया नहीं जा सकता। उन्होंने उस समय कहा था, यह सच है, और मैं गंभीर हूं, कि हमारे पास आसमान में मौजूद कुछ वस्तुओं की फुटेज और रिकॉर्ड हैं, जिनके बारे में हमें ठीक-ठीक नहीं पता कि वे क्या हैं।”
बढ़ती दिलचस्पी और पृष्ठभूमि
हाल के वर्षों में पृथ्वी के बाहर जीवन और अनपहचानी उड़न वस्तुओं (यूएफओ) को लेकर रुचि काफी बढ़ी है। खासकर तब, जब अमेरिकी सेना द्वारा रिकॉर्ड किए गए कुछ असामान्य हवाई घटनाक्रमों से जुड़े वीडियो सार्वजनिक किए गए। उसी वर्ष पेंटागन ने नौसेना के पायलटों द्वारा रिकॉर्ड किए गए तीन कॉकपिट वीडियो जारी किए थे। इन वीडियो में कुछ अनपहचानी वस्तुएं तेज गति से यात्रा करती दिखीं और एक मामले में हवा की दिशा में घूमती हुई भी नजर आईं।
इन घटनाओं को औपचारिक रूप से यूएपी (Unidentified Aerial Phenomena) नाम दिया गया, जो अमेरिकी रक्षा एजेंसियों द्वारा उन हवाई घटनाओं के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला शब्द है, जिनके स्रोत और क्षमताओं का अभी तक निर्धारण नहीं हो पाया है।

