
पाकिस्तान के नए CDF असीम मुनीर की गीदड़ भभकी, भारत को कहा– 'किसी भ्रम में मत रहना'
Pakistan new CDF: मुनीर ने कहा कि भारत को किसी भी भ्रम में नहीं रहना चाहिए, क्योंकि किसी भी आक्रामकता की स्थिति में पाकिस्तान की प्रतिक्रिया और तेज और असरदार होगी।
Asim Munir: पाकिस्तान के पहले चीफ ऑफ डिफेंस फोर्सेस (CDF) फील्ड मार्शल असीम मुनीर ने पदभार ग्रहण करने के बाद अपने पहले भाषण में भारत को चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि अगर भविष्य में कोई भी आक्रामक कदम उठाया गया तो पाकिस्तान की जवाब भी भयंकर होगा। मुनीर ने नई डिफेंस फोर्सेस हेडक्वार्टर को ऐतिहासिक पल बताते हुए कहा कि अब सेना, वायुसेना और नौसेना की तीनों शक्तियों को एक मंच पर लाकर, आधुनिक युद्ध की चुनौतियों का सामना करना आसान होगा। उन्होंने यह भी कहा कि पाकिस्तान हर तरह के साइबर, अंतरिक्ष और तकनीकी युद्ध के लिए तैयार है।
उनके इस भाषण ने सिर्फ सैन्य ताकत का ही संदेश नहीं दिया, बल्कि पाकिस्तानी जनता और सेना की ताकत को भी उजागर किया। मुनीर ने ऑपरेशन सिंदूर को उदाहरण के रूप में पेश करते हुए इसे भविष्य की जंगों के लिए केस स्टडी बताया और कहा कि अब युद्ध की नई परिभाषा में AI और क्वांटम कंप्यूटिंग भी शामिल हैं। इसलिए सशस्त्र बलों को युद्ध की नई जरूरतों के अनुसार ढलना होगा।
गार्ड ऑफ ऑनर के बाद अधिकारियों को संबोधित करते हुए मुनीर ने कहा कि भारत को किसी भी भ्रम में नहीं रहना चाहिए, क्योंकि किसी भी आक्रामकता की स्थिति में पाकिस्तान की प्रतिक्रिया और तेज और प्रभावशाली होगी। मुनीर ने आगे कहा कि डिफेंस फोर्सेस हेडक्वार्टर तीनों सेवाओं के ऑपरेशन्स को एकीकृत करेगा और उन्हें संगत बनाएगा। हाई कमांड की साझेदारी के साथ तीनों सेवाएं अपनी स्वतंत्रता और संगठनात्मक संरचना बनाए रखेंगी।
मुनीर के पद ग्रहण समारोह में तीनों सेवाओं के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे, जिनमें एयर चीफ मार्शल जाहिर अहमद बाबर सिधू और नौसेना प्रमुख एडमिरल नवीद अशरफ शामिल थे। मुनीर अब सेना प्रमुख के पांच वर्षीय कार्यकाल के साथ CDF पद भी संभालेंगे।
मुनीर को तब फील्ड मार्शल पद पर पदोन्नत किया गया था, जब भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान को भारी नुकसान पहुंचाया था। वह देश के दूसरे फील्ड मार्शल हैं और छह दशकों में पहले फील्ड मार्शल हैं। पाकिस्तान का CDF पद राष्ट्रपति ज़रदारी द्वारा 2025 में पाकिस्तान आर्मी, एयर फोर्स और नेवी (संशोधन) बिल्स को मंजूरी देने के बाद किया गया।

