
घाना में पीएम मोदी को मिला ऑर्डर ऑफ द स्टार, द्विपक्षीय रिश्तों में नया विश्वास
पीएम मोदी को घाना में दूसरा सर्वोच्च नागरिक सम्मान मिला। भारत-घाना ने शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और आतंकवाद विरोधी सहयोग पर चार समझौते किए।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को दो दिवसीय द्विपक्षीय यात्रा पर पश्चिम अफ्रीकी देश घाना पहुंचे। यह किसी भारतीय प्रधानमंत्री की घाना की पहली द्विपक्षीय यात्रा है, जिसे ऐतिहासिक और प्रतीकात्मक दोनों ही दृष्टिकोण से बेहद अहम माना जा रहा है। अकरा के कोटोका अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर प्रधानमंत्री मोदी का भव्य स्वागत किया गया। उन्हें 21 तोपों की सलामी दी गई और सम्मान के प्रतीक के रूप में घाना के दूसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान से नवाजा गया।
'ऑर्डर ऑफ द स्टार ऑफ घाना' से सम्मानित
घाना के राष्ट्रपति जॉन महामा ने प्रधानमंत्री मोदी को देश का प्रतिष्ठित सम्मान ‘ऑफिसर ऑफ द ऑर्डर ऑफ द स्टार ऑफ घाना’ प्रदान किया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, यह सम्मान मेरे लिए अत्यंत गर्व और सम्मान की बात है। मैं इस सम्मान को 1.4 अरब भारतीयों की ओर से विनम्रता से स्वीकार करता हूं। यह हमारे युवाओं की आकांक्षाओं, सांस्कृतिक विविधता, परंपराओं और भारत-घाना के ऐतिहासिक संबंधों को समर्पित है। उन्होंने राष्ट्रपति महामा और घाना के नागरिकों के गर्मजोशी से किए गए स्वागत के लिए भी आभार जताया। मोदी ने कहा कि राष्ट्रपति का स्वयं हवाई अड्डे पर स्वागत के लिए आना उनके लिए बहुत बड़ी बात है।
साझा मूल्य और समावेशी भविष्य
संयुक्त वक्तव्य के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने भारत-घाना मित्रता को साझे मूल्यों और समावेशी भविष्य के साझा सपने पर आधारित बताया। उन्होंने घाना को पश्चिम अफ्रीका का एक जीवंत लोकतंत्र और Beacon of Hope (आशा की किरण) कहा।
कई अहम घोषणाएं और सहयोग के प्रस्ताव
इस यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच कई महत्वपूर्ण घोषणाएं और समझौते हुए, जिनमें शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, तकनीक और आतंकवाद के खिलाफ किए गए।
ITEC और ICCR स्कॉलरशिप्स को दोगुना किया जाएगा।
घाना में एक Skill Development Center की स्थापना की जाएगी।
घाना के Feed Ghana कार्यक्रम में भारत सहयोग करेगा।
जन औषधि केंद्र स्थापित कर सस्ती और विश्वसनीय दवाइयां उपलब्ध कराने का प्रस्ताव।
वैक्सीन उत्पादन में सहयोग पर भी चर्चा हुई।
आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में काउंटर-टेररिज्म सहयोग को और मजबूत करने पर सहमति।
संयुक्त राष्ट्र सुधारों को लेकर दोनों देशों ने समान दृष्टिकोण साझा किया।
सांस्कृतिक और चिकित्सा क्षेत्र में सहयोग के लिए चार अहम समझौते
संस्कृति पर MoU – कला, संगीत, नृत्य, साहित्य और विरासत के क्षेत्र में सहयोग।
BIS और GSA के बीच MoU – मानकीकरण और प्रमाणन के क्षेत्र में सहयोग।
ITAM (घाना) और ITRA (भारत) के बीच MoU – पारंपरिक चिकित्सा शिक्षा और अनुसंधान में सहयोग।
संयुक्त आयोग बैठक पर MoU – उच्चस्तरीय संवाद को संस्थागत स्वरूप देने हेतु।
राष्ट्रपति महामा ने नेहरू-नक्रूमा संबंधों को किया स्मरण
संयुक्त वक्तव्य में घाना के राष्ट्रपति जॉन महामा ने भारत-घाना संबंधों की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि को याद करते हुए कहा यह संबंध हमारे पहले राष्ट्रपति डॉ. क्वामे नक्रूमा और भारत के प्रधानमंत्री पंडित नेहरू की दूरदर्शिता पर आधारित हैं। प्रधानमंत्री मोदी की यात्रा हमारी दोस्ती और सहयोग के बढ़ते रिश्तों का प्रमाण है।उन्होंने यह भी कहा कि अफ्रीकी देशों के प्रति भारत की प्रतिबद्धता का संकेत है कि पीएम मोदी की पांच देशों की यात्रा की शुरुआत घाना से हुई है।
भारत आने का निमंत्रण
प्रधानमंत्री मोदी ने घाना के राष्ट्रपति को भारत आने का औपचारिक आमंत्रण दिया और कहा कि वे अगले दिन भारतीय समुदाय के साथ मुलाकात को लेकर उत्साहित हैं। उन्होंने दोहराया कि भारत और घाना का रिश्ता केवल सरकारों का नहीं, बल्कि दो लोकतांत्रिक समाजों की साझी सोच और भविष्य की आकांक्षाओं का प्रतीक है।