UNGA सत्र में 26 सितंबर को भारत की आवाज़, केंद्र में ट्रंप-टैरिफ तनाव
x

UNGA सत्र में 26 सितंबर को भारत की आवाज़, केंद्र में ट्रंप-टैरिफ तनाव

26 सितंबर को पीएम मोदी UNGA सत्र को संबोधित कर सकते हैं। ट्रंप-टैरिफ विवाद और व्यापार वार्ता के बीच यह संबोधन भारत–अमेरिका रिश्तों के लिए अहम माना जा रहा है।


संयुक्त राष्ट्र (UN) द्वारा जारी वक्ताओं की अस्थायी सूची के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सितंबर में संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) के वार्षिक उच्चस्तरीय सत्र को संबोधित कर सकते हैं।संयुक्त राष्ट्र महासभा का 80वां सत्र 9 सितंबर से शुरू होगा। उच्चस्तरीय जनरल डिबेट 23 से 29 सितंबर तक चलेगा। परंपरा के अनुसार, सत्र का पहला भाषण ब्राज़ील देगा, जिसके बाद अमेरिका का वक्तव्य होगा।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप 23 सितंबर को अपने दूसरे कार्यकाल में पहली बार UNGA के प्रतिष्ठित मंच से विश्व नेताओं को संबोधित करेंगे।अस्थायी सूची के अनुसार, भारत के प्रधान सरकार यानी मुखिया (Head of Government) 26 सितंबर की सुबह सत्र को संबोधित करेंगे। उसी दिन इज़राइल, चीन, पाकिस्तान और बांग्लादेश के राष्ट्राध्यक्ष/प्रधानमंत्री भी अपना भाषण देंगे। यहां बता दें कि इस बारे में अभी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

ट्रंप-टैरिफ विवाद की पृष्ठभूमि

प्रधानमंत्री मोदी इस साल फरवरी में अमेरिका गए थे, जहाँ व्हाइट हाउस में राष्ट्रपति ट्रंप से द्विपक्षीय बैठक हुई थी। बैठक के बाद जारी संयुक्त बयान में दोनों नेताओं ने 2025 के अंत तक आपसी लाभकारी, बहु-क्षेत्रीय द्विपक्षीय व्यापार समझौते (BTA) के पहले चरण पर बातचीत शुरू करने की योजना घोषित की थी।हालाँकि, चल रही वार्ताओं के बीच ट्रंप ने भारत पर कुल 50% टैरिफ लगा दिया — जिसमें 25% अतिरिक्त शुल्क रूस से तेल खरीदने पर है, जो 27 अगस्त से लागू होगा।

भारत के विदेश मंत्रालय ने इस कदम को “अनुचित और अव्यावहारिक” बताते हुए कहा, “किसी भी बड़े आर्थिक तंत्र की तरह, भारत अपने राष्ट्रीय हित और आर्थिक सुरक्षा की रक्षा के लिए सभी आवश्यक कदम उठाएगा। पिछले हफ्ते ट्रंप के अतिरिक्त 25% टैरिफ लगाने के कार्यकारी आदेश की घोषणा ऐसे समय हुई, जब अमेरिका का एक प्रतिनिधिमंडल 25 अगस्त को भारत आने वाला है ताकि प्रस्तावित व्यापार समझौते पर छठे दौर की बातचीत हो सके। दोनों देश इस साल अक्टूबर–नवंबर तक समझौते के पहले चरण को अंतिम रूप देने का लक्ष्य रखते हैं।

UNGA का कूटनीतिक महत्व

UNGA के जनरल डिबेट की वक्ताओं की सूची अस्थायी होती है और अगले कुछ हफ्तों में इसमें बदलाव हो सकता है। हर साल सितंबर में न्यूयॉर्क स्थित संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में यह उच्चस्तरीय सत्र शुरू होता है, जिसे “साल का सबसे व्यस्त कूटनीतिक सीजन” माना जाता है। इस बार का सत्र इज़राइल–हमास युद्ध और यूक्रेन संघर्ष के बीच हो रहा है।

ट्रंप के वैश्विक दावे

ट्रंप का कहना है कि अपने दूसरे कार्यकाल के पहले छह महीनों में उन्होंने कई युद्ध खत्म करवाए हैं जिनमें आर्मेनिया–अज़रबैजान, कंबोडिया–थाईलैंड, इज़राइल–ईरान, रवांडा–कांगो, मिस्र–इथियोपिया और सर्बिया–कोसोवो के बीच शांति समझौते शामिल हैं।ट्रंप बार-बार दावा करते रहे हैं कि उन्होंने मई में भारत–पाकिस्तान के बीच हुए संघर्ष को भी रोकने में अहम भूमिका निभाई।

Read More
Next Story