
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी: 'भारत व्यापारियों के लिए सही स्थान'
प्रधानमंत्री मोदी ने फ्रांस में CEO समिट के दौरान व्यापारिक समूहों को भारत में आकर निवेश करने का निमंत्र्ण दिया। इससे पहले उनहोंने AI समिट में भी संबोधन किया।
PM Modi's France Tour: फ्रांस दौरे पर गए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि यह भारत के लिए व्यापारियों और उद्योगपतियों के आने का सही समय है, क्योंकि देश 2047 तक 'विकसित भारत' बनने के लक्ष्य की ओर अग्रसर है। पीएम मोदी ने यह टिप्पणी भारत-फ्रांस सीईओ फोरम के 14वें सत्र में की, जहां उन्होंने भारत में व्यापारिक माहौल की मजबूती और नीति निरंतरता पर जोर दिया।
भारत-फ्रांस साझेदारी को किया मजबूत
सीईओ फोरम को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा, "यह बैठक भारत और फ्रांस के सबसे बेहतरीन व्यापारिक सोच का संगम है। मैं देखता हूं कि आप सभी नवाचार, सहयोग और एकीकरण के मंत्र के साथ काम कर रहे हैं। आप सिर्फ कनेक्शन नहीं बना रहे, बल्कि आप भारत-फ्रांस रणनीतिक साझेदारी को भी मजबूत कर रहे हैं।"
इससे पहले, फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रों ने पीएम मोदी का स्वागत किया। पीएम मोदी ने कहा, "मेरे लिए यह बड़ी खुशी की बात है कि मैं राष्ट्रपति मैक्रों के साथ इस शिखर सम्मेलन में शामिल हो रहा हूं। यह हमारी पिछले दो वर्षों में छठी मुलाकात है।" उन्होंने राष्ट्रपति मैक्रों को इस सफल समिट के लिए बधाई भी दी।
भारत की प्रौद्योगिकी और ऊर्जा क्षेत्र में प्रगति
इस दौरान पीएम मोदी ने भारत की AI, अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी और 'मेक इन इंडिया' कार्यक्रम की उपलब्धियों पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि भारत 2047 तक 100 गीगावाट परमाणु ऊर्जा उत्पादन का लक्ष्य लेकर चल रहा है और यह क्षेत्र अब निजी निवेश के लिए खुला है।
भारत को वैश्विक निवेश गंतव्य के रूप में प्रस्तुत किया
प्रधानमंत्री ने आगे कहा, "भारत तेजी से एक प्रमुख वैश्विक निवेश गंतव्य बनता जा रहा है। पिछले दशक में भारत में कई परिवर्तनात्मक बदलाव आए हैं। हमने एक स्थिर और अनुमानित नीति का पारिस्थितिकी तंत्र स्थापित किया है। सुधार, प्रदर्शन और परिवर्तन के रास्ते पर चलते हुए, भारत आज दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है और जल्द ही तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने जा रही है।"
मेक इन इंडिया' और रक्षा क्षेत्र में पहल
पीएम मोदी ने रक्षा क्षेत्र में 'मेक इन इंडिया' और 'मेक फॉर द वर्ल्ड' के महत्व को भी उजागर किया और सेमिकंडक्टर और क्वांटम मिशन की शुरुआत का उल्लेख किया। उन्होंने कहा, "हम आज भारत को दुनिया के सबसे पसंदीदा निवेश गंतव्य के रूप में प्रस्तुत कर रहे हैं।"
यह बैठक भारत और फ्रांस के बीच व्यापारिक रिश्तों को और मजबूती देने के साथ-साथ दोनों देशों के लिए नए निवेश और सहयोग के अवसर उत्पन्न करने का एक महत्वपूर्ण मंच बन रही है।
(हेडलाइन को छोड़कर, इस खबर को द फेडेरल स्टाफ द्वारा संपादित नहीं किया गया है, यह एक सिंडिकेटेड फीड से प्रकाशित है।)
Next Story