
संजय कपूर की माँ रानी कपूर ने लगाया बेटे की हत्या का लगाया आरोप
ब्रिटेन और भारत दोनों में इस मामले की गंभीर जांच की मांग की है। यह देखना बाकी है कि रानी कपूर के आरोपों और Sona Group के खंडन के बीच सच कहां छिपा है।
Sunjay Kapoor's Death : बॉलीवुड फिल्म जैसी एक हाई-प्रोफाइल पारिवारिक लड़ाई — कपूर परिवार की 30,000 करोड़ रुपये की कंपनी Sona Group पर नियंत्रण को लेकर — अब अंतरराष्ट्रीय रंग ले चुकी है। यह मामला अब यूके की कानूनी एजेंसियों तक पहुंच चुका है, जहां दिवंगत चेयरमैन संजय कपूर की मां रानी कपूर ने अपने बेटे की मौत को "संयोग नहीं, साज़िश" बताया है और इसे "हत्याकांड" करार दिया है।
रानी कपूर का सनसनीखेज दावा : ‘हत्या, साजिश और धोखाधड़ी’ के सबूत हैं मेरे पास
एक न्यूज़ चैनल ने दावा किया है कि उसने वो पत्र देखा है, जो संजय कपूर की माँ रानी कपूर ने लिखा है और ये दावा किया है कि उनके पास ऐसे "विश्वसनीय और गंभीर साक्ष्य" हैं जो यह दर्शाते हैं कि संजय कपूर की मृत्यु "स्वाभाविक या आकस्मिक" नहीं थी, बल्कि उसमें हत्या, उकसावे, साजिश, धोखाधड़ी और फर्जीवाड़ा शामिल हो सकता है।
रानी कपूर का दावा है कि उनके पास कुछ रिकॉर्ड हैं जो फर्जी दस्तावेज़ों, संदेहास्पद संपत्ति हस्तांतरण, और संदिग्ध कानूनी फाइलिंग की ओर इशारा करते हैं। इसके अलावा उन्होंने कुछ व्यक्तियों के बीच आर्थिक लाभ के लिए मिलीभगत के संकेत भी मिलने का आरोप लगाया है।
आरोपों के घेरे में तीसरी पत्नी प्रिया सचदेव कपूर
रानी कपूर की चिट्ठी में दिवंगत सुंजय कपूर की तीसरी पत्नी प्रिया सचदेव कपूर का सीधा संदर्भ दिया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि,
“ऐसे ठोस कारण हैं कि यह विश्वास किया जा सकता है कि सुंजय कपूर की मौत एक योजनाबद्ध अंतरराष्ट्रीय साजिश का हिस्सा हो सकती है, जिसमें यूके, भारत और संभवतः अमेरिका के व्यक्ति और संस्थाएं शामिल हैं।”
रानी कपूर ने ब्रिटिश अधिकारियों से अनुरोध किया कि इस मामले में हत्या, अपराध की साजिश, फर्जीवाड़े और जालसाजी जैसे कई अपराधों के अंतर्गत आपराधिक जांच शुरू की जाए।
Sona Group में नियंत्रण को लेकर भी विवाद, AGM रोकने की मांग
रानी कपूर ने Sona Group की बोर्ड को ईमेल भेज कर Sona Comstar की सालाना आम बैठक (AGM) स्थगित करने की मांग की थी। उन्होंने खुद को समूह की बहुसंख्यक शेयरधारक बताते हुए आरोप लगाया कि उन्हें अपने बेटे के निधन के बाद जबरन दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कराए गए।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रिया सचदेव कपूर को परिवार का प्रतिनिधि घोषित करना उन दस्तावेजों पर आधारित था जिन्हें उन्होंने दबाव में आकर साइन किया था।
Sona Group का पलटवार : ‘रानी कपूर 2019 से कोई शेयरधारक नहीं’
इन आरोपों के कुछ घंटों बाद ही Sona BLW Precision Forgings Ltd ने बाजार को जानकारी देते हुए कहा कि “रानी कपूर अब न तो बहुसंख्यक शेयरधारक हैं और न ही 2019 से कोई शेयरधारक रही हैं।”
कंपनी ने कहा कि मई 2019 में की गई एक फाइलिंग में सुंजय कपूर को समूह का ‘एकमात्र लाभकारी स्वामी’ बताया गया था। इसके अलावा, रानी कपूर द्वारा लगाए गए “बंद कमरे में दस्तावेज़ों पर हस्ताक्षर कराने” के आरोप को कंपनी ने खारिज किया और कहा कि संजय कपूर की मृत्यु के बाद उनसे कोई दस्तावेज़ हस्ताक्षरित नहीं कराया गया है।
कंपनी की कानूनी चेतावनी : रानी कपूर को भेजा गया ‘Cease-and-Desist’ नोटिस
इस पारिवारिक विवाद का तीसरा अध्याय पिछले सप्ताह तब खुला जब Sona Comstar ने रानी कपूर को एक ‘Cease-and-Desist’ (चेतावनी और चुप रहने का आदेश) भेजा, जिसमें कहा गया कि उनके बयानों और आरोपों से कंपनी की छवि को नुकसान पहुंचा है।
प्रिया सचदेव कपूर ने अब तक इस पूरे मामले पर कोई सार्वजनिक टिप्पणी नहीं की है।
सुंजय कपूर की मौत : पोलो खेलते वक्त हुआ कार्डियक अरेस्ट या कुछ और?
12 जून को लंदन में पोलो खेलते समय 53 वर्षीय सुंजय कपूर की अचानक मृत्यु हो गई। मृत्यु का कारण कार्डियक अरेस्ट बताया गया, लेकिन कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया कि उनके मुंह में मधुमक्खी घुस जाने के कारण उन्हें एनाफिलेक्टिक शॉक (allergic reaction) हुआ।
रानी कपूर ने पिछले महीने ANI से बात करते हुए कहा, "मुझे अब तक नहीं पता कि मेरे बेटे के साथ क्या हुआ... मैं बूढ़ी हो चुकी हूं, मुझे मरने से पहले सच्चाई जाननी है..."
अब यह पारिवारिक विवाद एक आर्थिक, भावनात्मक और कानूनी युद्ध में तब्दील हो गया है। ब्रिटेन और भारत दोनों में इस मामले की गंभीर जांच की मांग की जा रही है। यह देखना बाकी है कि रानी कपूर के आरोपों और Sona Group के खंडन के बीच सच कहां छिपा है।