अमेरिका ने अपने 3 सैनिक मारे जाने की पुष्टि की, ईरान ने अमेरिकी एयरक्राफ्ट कैरियर पर दागी मिसाइल
x
ईरान के जवाबी हमलों के बीच ट्रंप ने चेतावनी दी कि अगर ईरान ने आगे कोई और जवाबी कार्रवाई की, तो उसे ऐसी ताकत का सामना करना पड़ेगा, जैसा पहले कभी नहीं देखा गया

अमेरिका ने अपने 3 सैनिक मारे जाने की पुष्टि की, ईरान ने अमेरिकी एयरक्राफ्ट कैरियर पर दागी मिसाइल

अमेरिका और इजरायल के ईरान पर हमले जारी हैं। ईरान भी इसके जवाब में कई स्तर के हमले कर रहा है। वो आसपास के खाड़ी देशों को भी निशाना बना रहा है तो अमेरिका और इजरायल को भी।


ईरान की ओर से मिसाइल और ड्रोन हमलों की नई लहर ने पूरे मध्य पूर्व को हिला दिया है। तेल अवीव, यरुशलम और कतर की राजधानी दोहा तथा कुवैत के कुछ हिस्सों में हवाई हमले के सायरन बजने लगे। द टाइम्स ऑफ इज़रायल की रिपोर्ट के अनुसार, ईरान की जवाबी कार्रवाई तेज होने के बीच इज़रायल में एक महिला की मौत हो गई।

ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने दावा किया कि कुवैत में स्थित एक अमेरिकी नौसैनिक अड्डे को निशाना बनाया गया और इस हमले में बड़ी संख्या में अमेरिकी सैनिक मारे गए।

इस बीच, अमेरिका ने इस बात की पुष्टि की है कि ईरान के खिलाफ चल रहे ऑपरेशन में उसके 3 सैनिक मारे गए हैं।

तेहरान की ताज़ा हमलों की लहर के जवाब में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कड़ी चेतावनी जारी की। उन्होंने कहा कि यदि ईरान ने आगे कोई और जवाबी कार्रवाई की, तो उसे ऐसी ताकत का सामना करना पड़ेगा, जैसा पहले कभी नहीं देखा गया।

ट्रंप का ये बयान ऐसे समय में आया है जब ईरान ने कहा कि उसने खाड़ी क्षेत्र में तैनात अमेरिकी एयरक्राफ्ट कैरियर यूएसएस अब्राहम लिंकन पर चार बैलिस्टिक मिसाइलों से हमला किया। ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने रविवार को ये दावा किया।

यह हमला ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्लाह अली खामेनेई की मौत के बाद अमेरिकी और इजरायली हमलों के जवाब में किया गया। IRGC ने अपने बयान में कहा है कि यह कार्रवाई “ऑपरेशन ट्रू प्रॉमिस-4” का हिस्सा है।

Read More
Next Story